बदलते हवा पानी से मानवों से कहीं ज्यादा संकट में हैं जैव प्रजातियां, पहले से एक हजार गुना बढ़ गया है खतरा

संयुक्त राष्ट्र इटली के रोम शहर में 24 से 29 फरवरी तक जैव-विविधता बचाने के लिए एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मलेन होने जा रहा है, जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि महासागरों और भूमि पर कम से कम 30 प्रतिशत क्षेत्र की जैव-विविधता संरक्षित करने पर चर्चा करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य जैव-विविधता के नाश को रोकना और इसे सुरक्षित रखना है।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के अनुसार वर्तमान में लगभग दस लाख प्रजातियां विलुप्तीकरण की तरफ बढ़ रही हैं और आज के दौर में प्रजातियों के विलुप्तीकरण की दर पृथ्वी पर जीवन पनपने के बाद के किसी भी दौर की तुलना में 1000 गुना से भी अधिक है। अमेरिका और यूरोपीय देशों के 23 पूर्व विदेश मंत्रियों ने संयुक्त रूप से सभी देशों से अनुरोध किया है कि संयुक्त राष्ट्र के जैव-विविधता के संरक्षण की योजना का पालन करें, क्योकि वर्तमान में यह मानव जाति के अस्तित्व का प्रश्न बन गया है।

यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के वैज्ञानिकों द्वारा किये गए अध्ययन के अनुसार साल 2070 तक जलवायु परिवर्तन और तापमान वृद्धि के प्रभाव से दुनिया की जैव विविधता दो-तिहाई ही रह जाएगी और एक-तिहाई विविधता विलुप्त हो चुकी होगी। यह अपने तरह का सबसे वृहद और विस्तृत अध्ययन है और इसमें कई ऐसे पैमाने को शामिल किया गया है, जिसे इस तरह के अध्ययन में अब तक अनदेखा किया जाता रहा है।

इसमें पिछले कुछ वर्षों में विलुप्तीकरण की दर, प्रजातियों के नए स्थान पर प्रसार की दर, जलवायु परिवर्तन के विभिन्न अनुमानों और अनेक वनस्पतियों और जन्तुओं पर अध्ययन को शामिल किया गया है। इस अध्ययन को हाल में ही प्रोसीडिंग्स ऑफ नेशनल अकादमी ऑफ साइंसेज के नवीनतम अंक में प्रकाशित किया गया है और इसे यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना के डिपार्टमेंट ऑफ इकोलॉजी एंड ईवोल्युशनरी बायोलॉजी विभाग के क्रिस्चियन रोमन पलासिओस और जॉन जे वेंस ने किया है।

इस अध्ययन के लिए दुनिया के 581 स्थानों पर वनस्पतियों और जंतुओं की कुल 538 प्रजातियों का विस्तृत अध्ययन किया गया है। ये सभी ऐसी प्रजातियां थीं, जिनका अध्ययन वैज्ञानिकों ने दस साल या इससे भी पहले किया था। इसमें से 44 प्रतिशत प्रजातियां वर्तमान में ही एक या अनेक स्थानों पर विलुप्त हो चुकी हैं। इन सभी स्थानों पर जलवायु परिवर्तन के आकलन के लिए 19 पैमाने का सहारा लिया गया। इस दृष्टि से यह जलवायु परिवर्तन के संदर्भ में प्रजातियों पर प्रभाव से संबंधित सबसे विस्तृत और सटीक आकलन है। वैज्ञानिकों का निष्कर्ष है कि जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए कुछ नहीं किया गया तो अगले 50 वर्षों में पृथ्वी से वनस्पतियों और जंतुओं की एक-तिहाई जैव-विविधता हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।

इस अध्ययन में किसी स्थान के औसत वार्षिक तापमान में वृद्धि और गर्मियों के सर्वाधिक तापमान को भी शामिल किया गया था। वैज्ञानिकों के अनुसार औसत वार्षिक तापमान की तुलना में गर्मियों का सर्वाधिक तापमान प्रजातियों के विलुप्तीकरण के संदर्भ में अधिक प्रभावी है। वैज्ञानिकों के अनुसार यदि गर्मी का सर्वाधिक तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ता है तब विलुप्तीकरण की दर 50 प्रतिशत बढ़ती है और यदि यह तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ता है तो स्थानीय विलुप्तीकरण की दर 95 प्रतिशत तक बढ़ जाती है।

अध्ययन का निष्कर्ष यह है की यदि दुनिया जलवायु परिवर्तन से संबंधित पेरिस समझौते का पालन भी करे और इस शताब्दी के अंत तक तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक न बढ़ने दे तब भी साल 2070 तक 20 प्रतिशत से अधिक प्रजातियां विलुप्त हो चुकी होंगीं, इसके बावजूद पेरिस समझौते से दुनिया अभी कोसों दूर है। प्रजातियों के विलुप्तीकरण की दर दुनियाभर में एक जैसी नहीं है, समशीतोष्ण क्षेत्रों की तुलना में उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में विलुप्तीकरण 2 से 4 गुना अधिक तेजी से हो रहा है।

साल 2018 में जर्नल ऑफ क्लाइमेट चेंज में प्रकाशित एक शोध पत्र के अनुसार यदि जलवायु परिवर्तन रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, तब दुनिया के सर्वाधिक जैव विविधता वाले क्षेत्रों में इस शताब्दी के अंत तक आधी से अधिक प्रजातियां विलुप्त हो जाएंगी। यदि पेरिस समझौते का पालन कर भी लिया जाता है, तब भी 25 प्रतिशत से अधिक प्रजातियों पर विलुप्तीकरण का खतरा है। इस शोध पत्र के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट एंग्लिया और वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ फंड के वैज्ञानिकों ने विश्व के सर्वाधिक जैव विविधता वाले 35 क्षेत्रों में 80000 से अधिक वनस्पतियों और जंतुओं का विस्तृत अध्ययन किया है।

वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ फंड द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 1970 के बाद से अब तक रीढ़धारी जंतुओं की संख्या में 60 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ गयी है। इसमें स्तनपायी, पक्षी, मछलियां और सरीसृप शामिल हैं। इस रिपोर्ट को विश्व के 53 वैज्ञानिकों ने तैयार किया है। माइक बैरेट के अनुसार सभी जंतु/जानवर एक-दूसरे पर आश्रित हैं, इसीलिए सभी प्रजातियां एक दूसरे के लिए प्रत्यक्ष या परोक्ष तौर पर जीवन-रेखा का काम करती हैं।

यह सब मनुष्य के अस्तित्व को भी प्रभावित कर रहे हैं, क्योंकि हमारी जीवन-रेखा नष्ट होने के कगार पर है। साफ पानी में पनपने वाले जीव सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं और इनमें से रीढ़धारी जंतुओं की संख्या में 83 प्रतिशत तक गिरावट आ गई है। संख्या में सबसे अधिक कमी दक्षिणी और केन्द्रीय अमेरिका में दर्ज की गयी है।

पृथ्वी पर जीवन के विकास के बाद से स्तनपायी जानवरों की 83 प्रतिशत प्रजातियां और वनस्पतियों की लगभग आधी प्रजातियां हमेशा के लिए विलुप्त हो चुकी हैं। अभी जो जैव विविधता है, उसका दोहन यदि पूरे तरीके से रोक भी दिया जाए तब भी जैव-विविधता को सामान्य होने में लगभग 70 लाख वर्षों का समय लगेगा।

जैव-विविधता का मनुष्य किस तरह और गति से दोहन कर रहा है, इसका आकलन भी इस रिपोर्ट में उपलब्ध है। चार साल पहले इतने ही वैज्ञानिकों ने सम्मिलित तौर पर जब रिपोर्ट तैयार की थी तब रीढ़धारी प्रजातियों की संख्या में 52 प्रतिशत की कमी दर्ज की गयी थी, पर चार साल के भीतर ही नई रिपोर्ट बनाने तक यह कमी 60 प्रतिशत तक पहुंच गयी।

प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल अकैडमी ऑफ साइंसेज में प्रकाशित एक शोधपत्र के अनुसार वर्तमान दौर में पृथ्वी अपने इतिहास के छठे जैविक विनाश की तरफ बढ़ रही है। इससे पहले लगभग 44 करोड़ वर्ष पहले, 36 करोड़, 25 करोड़, 20 करोड़ और 6.5 करोड़ वर्ष पहले ऐसा दौर आ चुका है। पर, उस समय सब कुछ प्राकृतिक था और लाखों वर्षों के दौरान हुआ था।

इन सबकी तुलना में वर्तमान दौर में सब कुछ एक शताब्दी के दौरान ही हो गया है। वर्तमान दौर में केवल विशेष ही नहीं बल्कि सामान्य प्रजातियां भी खतरे में हैं। इसका कारण कोई प्राकृतिक नहीं है, बल्कि मानव जनसंख्या का बढ़ता बोझ और इसके कारण प्राकृतिक संसाधनों का विनाश है। आज हालत यह है कि लगभग सभी प्रजातियों के 50 प्रतिशत से अधिक सदस्य पिछले दो दशकों के दौरान ही कम हो गए।

इंटरनेशनल यूनियन फॉर द कंजर्वेशन ऑफ नेचर की सूची में कुल 93577 प्रजातियां हैं, जिनमें से 26197 पर विलुप्तीकरण का खतरा है और 872 विलुप्त हो चुकी हैं। अधिकतर वैज्ञानिकों के अनुसार प्रजातियों का विलुप्तीकरण आज मानव जाति के लिए जलवायु परिवर्तन से भी बड़ा खतरा बन चुका है। पृथ्वी पर सभी प्रजातियां एक-दूसरे पर निर्भर करती हैं, इसलिए प्रजातियों का विलुप्तीकरण पृथ्वी पर मानव अस्तित्व के लिए भी खतरा है।

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading