
हैदराबाद में पिछले महीने एक महिला पशु चिकित्सक से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिसकर्मियों पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया है. इन चारों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि चारों आरोपियों के साथ गए पुलिस दल के प्रभारी की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश), धारा 176 और भारतीय शस्त्र कानून की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
25 वर्षीय महिला पशु चिकित्सक के बलात्कार और हत्या के सभी चारों आरोपी शुक्रवार तड़के यहां चट्टनपल्ली में उस समय पुलिस की ‘जवाबी’ गोलीबारी में मारे गए जब उन्हें पीड़िता का फोन और मामले से जुड़े अन्य सामान बरामद करने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था. साइबराबाद पुलिस ने बताया था कि दो आरोपियों ने उनके हथियार छीनकर उन पर गोलियां चलाई और बाकी के आरोपियों ने पत्थर तथा डंडों से हमला किया जिसमें दो पुलिसकर्मी जख्मी हो गए. इसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. 20 और 26 साल की आयु के बीच के चारों आरोपियों को महिला का बलात्कार करने और उसका गला घोंटकर तथा बाद में उसे जलाकर उसकी हत्या करने के आरोप में 29 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था.
इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की टीम भी शनिवार को हैदराबाद में उस जगह पर पहुंची जहां यह मुठभेड़ हुई थी. मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि इस मामले में उसने अपनी जांच शुरु कर दी है.
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source