विपक्षी नेता पर छापे के बाद सीबीडीटी चेयरमैन की पक्की हुई कुर्सी, महिला अधिकारी ने लगाया आरोप

विपक्षी नेता पर छापे के बाद सीबीडीटी चेयरमैन की पक्की हुई कुर्सी, महिला अधिकारी ने लगाया आरोप

केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन प्रमोद चंद्र मोदी पर बेहद गंभीर आरोप लगे हैं। मोदी पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने एक ‘संवेदनशील मामले’ को दबाने या ख़त्म करने के लिए ‘हैरान करने वाला निर्देश’ दिया था। साथ ही उन्होंने एक विपक्षी नेता के ख़िलाफ़ ‘पूरी तरह सफल सर्च ऑपरेशन’ चलाया था और इसी वजह से वह अपनी कुर्सी को सही-सलामत रख सके।

सीबीडीटी के चेयरमैन पर यह आरोप उन्हीं के विभाग की एक शीर्ष महिला अफ़सर अल्का त्यागी ने लगाये हैं। त्यागी देश के प्रमुख कर प्रशासकों में से एक हैं और उनके द्वारा यह आरोप लगाये जाने के बाद देश की सियासत में हंगामा मच सकता है। सीबीडीटी इनकम टैक्स के मामलों में निर्णय लेने वाली शीर्ष संस्था है। हाल ही में केंद्र सरकार ने प्रमोद चन्द्र मोदी का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया था।

अलका त्यागी ने इस बारे में बीती 21 जून को अपनी शिकायत केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भेजी थी। अंग्रेजी अख़बार ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के मुताबिक़, त्यागी की ओर से वित्त मंत्री को 9 पन्नों की शिकायत भेजी गई है और इसमें आरोप लगाया गया है कि मोदी की ओर से उन पर बहुत ज़्यादा ‘दबाव’ बनाया गया। अख़बार के मुताबिक़, महिला अफ़सर ने इसी तरह की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय सतर्कता आयोग और कैबिनेट सेक्रेटरी को भी भेजी है। त्यागी 1984 बैच की भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी हैं।

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ ने इस महीने की शुरुआत में ख़बर दी थी कि अलका त्यागी ने उनके दफ़्तर में संदिग्ध कार्रवाई के बारे में प्रिंसिपल चीफ़ कमिश्नर एस. के. गुप्ता को लिखित शिकायत भेजी थी। त्यागी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि एक पुराने मामले को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है और इस मामले को ख़ुद सीबीडीटी चेयरमैन मोदी ने ही निरस्त कर दिया था और उन्हें क्लीन चिट दे दी थी।

अलका त्यागी ने आरोप लगाया है कि बाद में मोदी ने इस मामले को फिर से खोल दिया और अब ब्लैकमेलिंग के हथियार के तौर पर उनके ख़िलाफ़ इस्तेमाल किया जा रहा है।

त्यागी इनकम टैक्स विभाग के प्रिंसिपल चीफ़ कमिश्नर के पद पर नियुक्त किये जाने के इंतजार में थीं लेकिन गुरुवार को उन्हें नागपुर स्थित राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी का प्रिंसिपल डायरेक्टर जनरल (ट्रेनिंग) बना दिया गया। त्यागी ने अपनी शिकायत में कई तरह की अनियमितताओं का भी ज़िक्र किया है।

अपनी शिकायत में त्यागी ने आरोप लगाया है कि मोदी ने इस बात को स्वीकार किया कि विपक्ष के नेता के ख़िलाफ़ ‘सफल सर्च ऑपरेशन’ की वजह से उन्होंने सीबीडीटी चेयरमैन की अपनी कुर्सी पक्की कर ली और अब वह कुछ अफ़सरों के ख़िलाफ़ कोई भी कार्रवाई कर सकते हैं।

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading