
कहते हैं गुरु का दर्जा भगवान से भी बड़ा होता है, लेकिन गोवा में गुरु शिष्य के रिश्ते को शर्मशार करने का मामला सामने आया है.जहां एक स्विमिंग कोच का एक 15 वर्षीय लड़की से अश्लील हरकत करने का वीडियो वायरल हुआ है. इस वीडियो के सामने आने के बाद खेल मंत्री किरण रिजिजू ने आरोपी कोच पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.
दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा शख्स सुजीत गांगुली है जो गोवा में स्विमिंग कोच के तौर पर कार्यरत है. आरोप है कि सुजीत गांगुली स्विमिंग सीखने आने वाली लड़कियों पर बुरी नजर रखने के साथ ही उनका शोषण भी करता था.वहीं अब वीडियो के सामने आने के बाद खेल मंत्री किरण रिजिजू ने ट्वीट कर बताया कि आरोपी पर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ने कड़ी कार्रवाई की है.
खेल मंत्री ने ट्वीट करते हुए कहा कि गोवा स्विमिंग असोसिएशन ने कोच सुजीत गांगुली का कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया है. मैंने स्विमिंग फेडरेशन से कहा है कि आरोपी कोच को ऐसे अपराध के लिए भारत में कहीं भी काम ना मिले.
आपको बता दें कि यह मामला उस समय सुर्ख़ियों में आया जब एक वरिष्ठ पत्रकार ने खेल मंत्री को रिजिजू को स्विमिंग कोच की इस हरकत से अवगत कराया. वहीं दूसरी तरफ गोवा स्विमिंग एसोसिएशन ने भी सुजीत गांगुली को हटाने की पुष्टि की है. गोवा स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव सैयद अब्दुल माजिद ने बताया कि ‘वीडियो देखने के बाद ही हमने कोच को टर्मिनेट कर दिया है.पीड़ित लड़की और कोच दोनों ही बंगाल के हैं.’ गोवा स्विमिंग एसोसिएशन ने करीब ढाई साल पहले गांगुली को अपने मापुसा स्थित सेंटर में कोच के तौर पर नियुक्त किया था. साथ ही माजिद ने यह भी कहा कि हमने उन्हें इसलिए नियुक्त किया था क्योंकि कोच के तौर पर ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा था. उनके खिलाफ कोई शिकायत नहीं थी.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता की शिकायत पर पश्चिम बंगाल में केस दर्ज करने के बाद मामले को गोवा ट्रांसफर कर दिया गया है और गोवा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source