मैच के दौरान पाकिस्तान के अंपायर की मौत, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

मैच के दौरान पाकिस्तान के अंपायर की मौत, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

पाकिस्तान में हो रहे एक क्रिकेट मैच के दौरान मैदान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अंपायरिंग करते-करते अंपायर अचानक जमीन पर गिर गए. अंपायर का नाम नसीम शेख (52) बताया जा रहा है. मैच के दौरान जमीन पर गिरने के बाद अंपायर को आनन-फानन में अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नसीम शेख को मैच के दौरान अंपायरिंग करते हुए दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद वे जमीन पर गिर पड़े थे.

नसीम शेख कराची के गुलबर्ग में खेले जा रहे एक क्लब स्तरीय टूर्नामेंट में अंपायरिंग कर रहे थे, जब ये दुखद घटना घटी. आपको जानकर हैरानी होगी कि नसीम शेख पेशे से एक कसाई थे, लेकिन क्रिकेट के प्रति प्यार और जुनून उन्हें क्रिकेट के मैदान में खींचकर ले जाता था. मैच के आयोजनकर्ता ने बताया, ”मैच के अंपायरिंग के दौरान वह गिर पड़े. एंबुलेंस में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में उनका निधन हो गया.” रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया है कि नसीम दिल के मरीज थे और उन्होंने इसी साल एंजियोग्राफी भी कराई थी.

गौरतलब है कि बीते अगस्त में इंग्लैंड के एक अंपायर की गेंद लगने से मौत हो गई थी. 13 जुलाई को पेमब्रोक और नारबर्थ के बीच खेले जा रहे एक मैच में अंपायरिंग कर रहे जॉन विलियम्स (80) के सिर पर गेंद लग गई थी. जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. वे कई दिनों तक कोमा में ही रहे और करीब एक महीने बाद उन्होंने दम तोड़ दिया था.

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں