
वायरल वीडियो में दो पिस्टल और एक कारबाइन के साथ डांस करते नजर आ रहे उत्तराखंड के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के तीन शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. वीडियो सामने आने के बाद अनिश्चितकाल के लिए निलंबित किए गए विधायक को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ से कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है, जिसमें उनसे पूछा गया है कि उन्हें पार्टी से क्यों न निकाल दिया जाए.
जिला मजिस्ट्रेट दीपेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि हरिद्वार पुलिस से रिपोर्ट मिलने के बाद मैंने (कुंवर प्रणव सिंह) चैंपियन के तीन आर्म लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. उन्होंने आगे कहा कि चैंपियन से 15 दिनों के भीतर इस बात का भी जवाब मांगा गया है कि क्यों न तीनों बंदूकों के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएं. हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मेजय खंडूरी की एक रिपोर्ट के बाद यह कार्रवाई हुई है. रिपोर्ट में कहा गया है कि रक्षा और सुरक्षा कारणों से तीन हथियारों- एक डबल बैरल राइफल, एक रिवाल्वर और एक संशोधित कार्बाइन के लाइसेंस को रद्द कर दिया जाना चाहिए.
खंडूरी ने कहा कि चैंपियन के खिलाफ कुछ मामले भी दर्ज हैं. इसलिए हमने हथियारों के लाइसेंस को रद्द करने की सिफारिश की है. चैंपियन ने इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि उनका बेटा, जो एक शूटर है, इन हथियारों के साथ अभ्यास करता है. विधायक ने अपने समर्थकों से कहा कि इस निर्णय से मेरे बेटे का खेल भविष्य अंधकारमय लग रहा है.
राज्य के भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने बुधवार को चैंपियन को नोटिस देकर पूछा था कि उन्हें पार्टी से बाहर क्यों न निकाला जाना चाहिए, क्योंकि विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सत्तापक्ष पर तीखा हमला किया है. राज्य कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक समूह ने वीडियो के आधार पर पूर्व कांग्रेस विधायक रह चुके और वर्तमान में भाजपा विधायक चैंपियन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है.
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source