
मुंबई: करोड़ों रूपए के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाला के प्रमुख आरोपियों में से एक मेहुल चोकसी ने सोमवार को मुंबई उच्च न्यायालय में कहा कि उसने मामले के अभियोजन से बचने के लिए नहीं बल्कि अपने इलाज के लिए देश छोड़ा था। फरार हीरा कारोबारी चोकसी अभी कैरेबियाई देश एंटीगुआ में रह रहा है। चोकसी ने अपने वकील विजय अग्रवाल के जरिए सोमवार को हलफनामा दायर कर कहा कि उसने विदेशों में मेडिकल जांच और उपचार के लिए जनवरी 2018 में देश छोड़ा था।
हलफनामे में कहा गया है, ‘‘मैंने संदिग्ध परिस्थितियों में देश नहीं छोड़ा था।’’ चोकसी ने अदालत में दो याचिकाओं के संबंध में हलफनामा दायर किया है। उन याचिकाओं में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा एक विशेष अदालत में दायर एक आवेदन को रद्द करने का अनुरोध किया है। ईडी के आवेदन में चोकसी को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने का अनुरोध किया गया है।
चोकसी ने अपनी याचिका में कहा है कि वह स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण भारत लौटने में असमर्थ है। हालांकि, उसने ये भी कहा कि मेडिकली फिट होने पर वह भारत लौट आएगा। चोकसी और उसका भतीजा नीरव मोदी दोनों पीएनबी के साथ 13,400 करोड़ रूपए की कथित धोखाधड़ी मामले में ईडी और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के वांछित हैं।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source