
जयपुर : जयपुर के चांदपोल स्थित जनाना चिकित्सालय में एक महिला ने पांच बच्चों को जन्म दिया है। हालांकि एक शिशु मृत पैदा हुआ। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, तीन शिशुओं को निगरानी में रखा गया है जबकि एक नवजात अभी वेंटिलेटर पर है। जयपुर के सांगानेर निवासी रुखसाना ने जनाना हॉस्पिटल में शनिवार को सुबह 8.30 बजे महिला ने इन पांच शिशुओं को जन्म दिया। हॉस्पिटल की अधीक्षक डॉ. लता राजौरिया ने बताया, ‘रुखसाना पूरी तरह स्वस्थ हैं। एक शिशु मृत जन्मा था। शेष चारों शिशुओं को हमने एनआईसीयू में रखा। इसमें से एक को वेंटिलेटर पर रखा गया है।’
डॉ. लता के मुताबिक समय से पहले जन्म के कारण सभी बच्चों का वजन कम है। इसी कारण से सभी को अभी निगरानी में रखा गया है। इनमें दो लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं। मरा हुआ नवजात भी लड़का था। सभी नवजातों का वजन एक से 1.4 किलोग्राम के ही बीच है। यही वजह है कि इन पर डॉक्टर विशेष निगाह बनाए हुए हैं। प्रसूता जनाना अस्पताल में ही चैकअप करा रही थी और उनकी जांच में पहले ही साफ हो गया था की उनके पांच बच्चे होने वाले हैं। 25 वर्षीय रुखसाना की ये तीसरी डिलवरी थी। इससे पहले उसका एक बच्चे की जन्म के 12 दिनों बाद मौत हो गई थी वहीं एक बार उसका गर्भपात हो गया था।
उसकी हालत को देखते हुए एक माह पहले ही उसे अस्पताल में भर्ती कर लिया गया था और उसे तीन दिनों पूर्व ही घर भेजा था। शुक्रवार को चिकित्सकों ने उसे फोन कर वापस बुलाया और उसकी मेडिकल जांच की। उसके बाद आज सुबह उसने बच्चों को जन्म दे दिया।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source