विवादित हिन्दूवादी नेता उपदेश राणा का दावा- दी जा रही है धमकी

विवादित हिन्दूवादी नेता उपदेश राणा का दावा- दी जा रही है धमकी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हिंदू समाज पार्टी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी की हत्या के बाद अब एक और हिंदूवादी नेता को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी मध्य प्रदेश के उज्जैन के हिंदूवादी नेता उपदेश राणा को मिली है।

ज़ी न्यूज़ पर छपी खबर के अनुसार, उपदेश राणा को फोन के जरिए धमकी दी गई है। उन्हें मोबाइल पर एक कॉल आया था, जिसमें शब्बीर नाम के शख्स ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।

उपदेश राणा ने अपनी जान को खतरा बताया है, जिसके बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। माकड़ौन थाने में उनके साथी दिलीप चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें कहा है कि उपदेश राणा को मोबाइल पर फोन कर शब्बीर नाम के शख्स ने धमकी दी और उत्तर प्रदेश के कमलेश तिवारी जैसा हाल करने की बात की है।

इस मामले में उपदेश राणा का कहना है कि उन्होंने इसकी जानकारी माकड़ौन थाने में दे दी है। हालांकि उन्होंने पुलिस पर भी उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है।

उपदेश राणा का साफतौर पर कहना है कि उनके कार्यक्रम पहले की ही तरह रहेंगे। यही नहीं उपदेश राणा ने सोशल मीडिया के जरिए भी अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने की कोशिश की है। अपनी शिकायत में उन्होंने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के डीजीपी को भी टैग किया है।

Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں