
लोकसभा के पिछले चुनाव में एनडीए की टिकट पर केरल की वायनाड संसदीय सीट से राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले तुषार वेल्लापल्ली को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तार कर लिया गया है. खबरों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) के अध्यक्ष तुषार वेल्लापल्ली की यह गिरफ्तारी धोखाधड़ी के एक मामले में हुई है.
बताया जा रहा है कि वेल्लापल्ली के खिलाफ नासिल अब्दुल्ला नाम के शख्स ने शिकायत दर्ज करवाई थी और उनपर 10 लाख दिरहम (करीब दो करोड़ रुपये) की रकम न चुका पाने का आरोप लगाया था. साथ ही इस मामले को निपटाने के लिए नासिल अब्दुल्ला ने इसी बुधवार को उन्हें दुबई के नजदीक अजमान में होटल में बुलाया था. इस मामले में शिकायत से अनजान तुषार वेल्लापल्ली जब होटल पहुंचे थे तो उसी दौरान उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं वेल्लापल्ली के समर्थकों ने इस मामले में उन्हें फंसाए जाने का आरोप लगाया है.
इस दौरान केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को एक चिट्टी लिखकर इस मामले में व्यक्तिगत तौर पर दखल देने की अपील की है. विजयन ने यह भी कहा है, ‘मैं तुषार वेल्लापल्ली की भलाई और स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हूं. कानून की सीमा में रहकर उन्हें हर संभव मदद मुहैया करवाई जानी चाहिए.’
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source