राजस्थान में बस के नदी में गिरने से 25 लोगों की दर्दनाक मौत, सीएम गहलोत ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान 

राजस्थान के बूंदी जिले में बुधवार की सुबह एक निजी बस के नदी में गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस में बारात के लोग सवार थे। यह दुर्घटना बूंदी में कोटा-दौसा राजमार्ग पर सुबह 9 बजे के आसपास हुई। इस हादसे में बचे लोगों का कहना है कि बस के पुल को पार करने के दौरान चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि बस कोटा से सवाई माधोपुर को जा रही थी, जब पपडी गांव के निकट पुल से गुजरने के दौरान यह बेकाबू हो गई और पुल पर रेलिंग नहीं होने से मेज नदी में गिर गई।


इस हादसे पर दुख जताते हुए राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा, “बूंदी में हुए हादसे के बारे में जान मुझे गहरा दुख हुआ है, जिसमें करीब 25 लोग बस के नदी में गिर जाने के बाद जान गंवा चुके हैं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है जिन्होंने इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।” राजस्थान सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

वहीं उप मुख्‍यमंत्री सचिन पायलट ने भी हादसे के प्रति दुख जताया। उन्होंने कहा कि बूंदी के लाखेरी क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस नदी में गिरने से हुए हादसे में कई लोगों की मौत और जख्‍मी होने की खबर ह्दय विदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’


वहीं नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने हादसे पर दुख जताया और कहा कि मेज नदी में बस के गिरने से लोगों के निधन की खबर से दुखी हूं।

इस बीच पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य की मौत अस्पताल ले जाने के दौरान हुई। मृतकों में 11 पुरुष, 10 महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पांच गंभीर रूप से घायलों को कोटा के सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया है।

(आईएएनएस के इनपुट के साथ)

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading