बुधवार को पाकिस्तानी एयरफोर्स के भारतीय एयर स्पेस में घुसपैठ की घटना पर एक बड़ा खुलासा हुआ है. सूत्रों ने न्यूज 18 को बताया है कि बुधवार सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर पाकिस्तान के 20 एयरक्राफ्ट भारतीय सीमा में घुस आए थे. सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान के विमान भारत के 10 किमी. अंदर तक घुस आए थे. पाकिस्तानी एयरफोर्स के इन विमानों ने भारतीय सेना को निशाना बनाया. पाकिस्तानी एयरफोर्स ने लेजर गाइडेड मिसाइल्स का इस्तेमाल किया. पाकिस्तान के इस हमले में भारतीय सैन्य प्रतिष्ठान बाल-बाल बचे.
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार को पाकिस्तान की एयरफोर्स ने राजौरी के नौशेरा सेक्टर में भारतीय एयरस्पेस में घुसपैठ की. पाकिस्तान के F-16 विमानों ने नौशेरा और राजौरी में भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. इसी वक्त इंडियन एयरफोर्स के MiG-21 बाइसन F-16 को ढेर करने पहुंच गए. MiG-21 बाइसन एयरक्राफ्ट से R-73 मिसाइल छोड़ी गई जिसने पाकिस्तान के F-16 को धराशायी कर दिया. पाकिस्तानी एयरफोर्स का ये विमान पीओके में कृष्णा घाटी की ओर गिरा.