नई दिल्ली: नागरिकता कानून पर देश के एक कोने से लेकर दूसरे कोने तक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, इस कानून को लेकर छात्रों ने भी कड़ा विरोध जताया है। वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममती बनर्जी नागरिकता संशोधन कानून 2019 के विरोध में सड़क पर रैली कर रही हैं। इस बीच तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद और अभिनेत्री नुसरत जहां ने अपने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से विरोध प्रदर्शन करने की अपील की है।

अभिनेत्री नुसरत जहां ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस और जनता से कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करें लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से। नुसरत जहां ने अपने ट्विटर हैंडल से लिखा, “लोकसभा में नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) के विपक्ष में वोट देने के बाद, मैंने CAA और NRC के खिलाफ अपनी नेता के साथ सड़कों पर शांतिपूर्ण विरोध में हिस्सा लिया। मैं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने और कानून का पालन करने की अपील करती हूं।”

नुसरत जहां की अपील से जुड़ा ये ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। अपने इस ट्वीट में उन्होंने ममता बनर्जी के साथ नागरिकता संशोधन कानून (Citizenship Amendment Act) के विरोध प्रदर्शन रैली की तस्वीरों को साझा किया है। गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस पार्टी (TMC) ने इस कानून के खिलाफ उत्तरी कोलकाता में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात रचनाकार गुरुदेव रबिंद्रनाथ टैगोर के आवास से लेकर जोरासांको ठाकुर बाड़ी विरोध प्रदर्शन किया है।
आपको बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून 2019 (Citizen Amendment act 2019) के विरोध में देश की कई हिस्सों में लोगों का प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। आम लोगों के अलावा छात्र भी सरकार के कानून का विरोध कर रहे हैं। बीते कुछ दिनों से चल रहे जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी के छात्रों का प्रदर्शन रविवार को काफी उग्र हो गया। यूनिवर्सिटी के कैंपस और लाइब्रेरी में घूसकर दिल्ली पुलिस ने छात्रों में लाठीचार्ज भी किया। छात्रों और पुलिस के बीच हुई इस झड़प से बॉलीवुड के कई सितारों ने अपना गुस्सा जाहिर किया है।

नागरिकता संशोधन कानून 2019 (Citizen Amendment act 2019) और जामिया के छात्रों के साथ हुई हिंसा की आलोचना करने वालों में आयुष्मान खुराना, सायनी गुप्ता, रेणुका शहाणे, रकुल प्रीत, परिणीति चोपड़ा, निर्देशक विवेक अग्निहोत्री, तापसी पन्नू, ऋचा चड्ढा और जावेद अख्तर जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं। इन सभी सितारों ने सोशल मीडिया के जरिए नागरिकता संशोधन कानून 2019 (Citizen Amendment act 2019) और जामिया हिंसा की आलोचना की है।
This post appeared first on The Inquilaab http://theinquilaab.com/ POST LINK Source Syndicated Feed from The Inquilaab http://theinquilaab.com Original Link- Source