तीन महीने में ऑटोमोबाइल सेक्टर ने 2 लाख लोगों को नौकरी से हटाया, 286 शोरूम भी हुए बंद !

तीन महीने में ऑटोमोबाइल सेक्टर ने 2 लाख लोगों को नौकरी से हटाया, 286 शोरूम भी हुए बंद !

वाहनों की बिक्री में भारी गिरावट के बीच देश भर में वाहन डीलर बड़ी संख्या में कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा रहे हैं. उद्योग संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने दावा किया है कि पिछले तीन माह के दौरान रिटेलर्स ने बिक्री में भारी गिरावट की वजह से करीब दो लाख कर्मचारियों की छंटनी की है.

फाडा ने कहा कि निकट भविष्य में स्थिति में सुधार की संभावना नहीं दिख रही है. इसकी वजह से और शोरूम बंद हो सकते हैं व छंटनी का सिलसिला जारी रह सकता है. फाडा के अध्यक्ष आशीष हर्षराज काले ने कहा, ‘‘बिक्री में गिरावट की वजह से डीलरों के पास वर्कफोर्स में कटौती का ही विकल्प बचा है. सरकार को वाहन उद्योग को राहत देने के लिए जीएसटी में कटौती जैसे उपाय करने चाहिए.’’

आगे कहा, ‘‘अभी ज्यादातर छंटनियां फ्रंट एंड बिक्री में हो रही हैं, लेकिन सुस्ती का यह रुख यदि जारी रहता है तो तकनीकी नौकरियां भी प्रभावित हो सकती हैं.’’ यह पूछे जाने पर कि देश भर में डीलरशिप में कितनी नौकरियों की कटौती हुई है, काले ने कहा कि अभी तक दो लाख लोगों को बाहर किया गया है.

देशभर में 15,000 डीलरों द्वारा परिचालित 26,000 वाहन शोरूमों में करीब 25 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला हुआ है. इसी तरह 25 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से इस क्षेत्र में रोजगार मिला है. काले ने बताया कि पिछले तीन माह के दौरान डीलरशिप से दो लाख वर्कफोर्स को कम किया गया है. इससे पहले इस साल अप्रैल तक 18 माह की अवधि में देश में 271 शहरों में 286 शोरूम बंद हुए हैं, जिसमें 32,000 लोगों की नौकरी गई थी. दो लाख नौकरियों की यह कटौती इसके अतिरिक्त है.

काले ने कहा कि अच्छे चुनावी परिणाम और बजट के बावजूद वाहन क्षेत्र में सुस्ती है. इस साल मार्च तक डीलरों ने वर्कफोर्स में कटौती नहीं की थी, क्योंकि हमें लग रहा था कि यह सुस्ती अस्थायी है. लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ है. इस वजह से डीलरों ने वर्कफोर्स में कमी करनी शुरू कर दी है.

काले ने आगे कहा, ‘‘हम कर्मचारियों की ट्रेनिंग में काफी निवेश करते हैं. ऐसे में कर्मचारियों को हटाना आखिरी विकल्प है.’’ व्हीकल मैन्युफैक्चरर्स के संगठन सियाम के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में सभी श्रेणियों में वाहनों की बिक्री 12.35 प्रतिशत घटकर 60,85,406 यूनिट रह गई. इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में वाहन बिक्री 69,42,742 यूनिट रही थी.

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading