तंजानिया में जले हुए शवों की तस्वीर, बोकारो स्टील प्लांट में लगी आग के बाद तबाही के रूप में साझा

बड़ी संख्या में ज़मीन पर पड़े जले हुए शवों की एक भयानक तस्वीर, सोशल मीडिया में इन शब्दों के साथ साझा की गई है, “बोकारो टाटा सटिल कंपनी मे लगी भिसण आग जिसमे 100 से जादा लोगो कि मोत हो गई।” यह तस्वीर विचलित कर देने वाली प्रकृति की है। दर्शक विवेक से काम लें।

यही तस्वीर व्हाट्सएप पर शेयर की गई है।

ऑल्ट न्यूज़ को झारखंड में बोकारो के टाटा स्टील प्लांट में सौ से अधिक लोगों की दर्दनाक मौत के इस दावे की पड़ताल के लिए आधिकारिक एप्प पर भी अनुरोध मिला है।

तथ्य-जांच

हालांकि, 22 सितंबर को बोकारो स्टील प्लांट में भीषण आग लग गई थी, लेकिन सौभाग्य से कोई हताहत नहीं हुआ था। इसलिए, बोकारो स्टील प्लांट में लगी आग में 100 से अधिक लोगों के मरने का दावा फ़र्ज़ी है। खबरों के अनुसार, संयंत्र की आसवन इकाई में आग लगी, जिससे दस से अधिक अग्निशमन वाहनों के साथ छह घंटे तक जूझना पड़ा। चूँकि कोई हताहत नहीं हुआ है, तो यह स्वाभाविक है कि साझा की गई तस्वीर बोकारो स्टील प्लांट में लगी आग से संबंधित नहीं है।

तंजानिया की तस्वीर

ऑल्ट न्यूज़ ने रिवर्स-इमेज सर्च टूल का उपयोग किया तो खोज परिणाम से पता चला कि तस्वीर तंजानिया के मोरोगोरो से थी।

इस जानकारी के आधार पर, प्रासंगिक कीवर्ड्स का उपयोग करने पर ऑल्ट न्यूज़ को पता चला कि अगस्त 2019 में तंजानिया के मोरोगोरो शहर में ईंधन टैंक के एक भीषण विस्फोट में 60 से अधिक लोग मारे गए थे। द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, “मोरोगोरो में प्रत्यक्षदर्शियों ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि शनिवार सुबह एक इंधन टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद इसके आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। उन्होंने कहा कि लोग ईंधन लेने की कोशिश कर रहे थे, तभी टैंकर फट गया।” बाद में मृतकों का आंकड़ा सौ के पार हो गया।

ऑल्ट न्यूज़ ने यांडेक्स पर इस तस्वीर की रिवर्स-सर्च की जिससे साफ हो गया कि वायरल तस्वीर वास्तव में तंजानिया की त्रासदी से ही संबंधित है। हमें यह तस्वीर एक बेलारूस के समाचार वेबसाइट के लेख में मिली, जिसमें मोरोगोरो में विस्फोट की खबर दी गई थी।

तंजानिया में एक इंधन टैंकर के भीषण विस्फोट में जले हुए शवों को दिखलाती विचलित कर देने वाली एक तस्वीर, गलत तरीके से बोकारो स्टील प्लांट में हाल ही में लगी आग के रूप में साझा कर दी गई। गौरतलब है कि बोकारो में स्टील प्लांट की अगलगी में एक भी व्यक्ति को कुछ नहीं हुआ था।

The post तंजानिया में जले हुए शवों की तस्वीर, बोकारो स्टील प्लांट में लगी आग के बाद तबाही के रूप में साझा appeared first on Alt News.

Syndicated Feed from Altnews/hindi Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading