नई दिल्ली: लोकसभा में ऑल इण्डिया मजलिस ऐ इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अध्यक्ष बैरिस्टर असदउद्दीन ओवैसी और भारत के गृहमंत्री के बीच बार फिर नोक झोंक होती दिखाई दी,टोका टाकी के बीच सदन में एक बड़ा कानून पेश किया गया ।
विधि विरुद्ध क्रियाकलाप निवारण (यूएपीए) संशोधन विधेयक 2019 पर अमित शाह जवाब दे रहे थे इसी दौरान दोनों में बहस हो गई. यूएपीए संशोधन विधेयक को स्टैंडिंग कमेटी में भेजे जाने की मांग करते हुए कांग्रेस ने पहले लोकसभा से वॉकआउट किया. उसके बाद अमित शाह ने कहा कि कल से अब तक चर्चा हुई. लेकिन आपके वोट करने से यदि आपका वोटबैंक खराब हो रहा है. इसलिए आप वोट नहीं करना चाहते , तो कुछ नहीं किया जा सकता।
इसके बाद ओवैसी अपनी बात रखने के लिए खड़े हुए. उन्होंने बिल के प्रावधानों पर आपत्ति जताई और बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस को भी घेरा. असदउद्दीन ओवैसी ने कहा, ”मैं कांग्रेस पार्टी को इसके लिए दोषी मानता हूं. वो यह कानून लाने के लिए असल दोषी हैं. जब वे सत्ता में होते हैं तो बीजेपी से बड़े हो जाते हैं और जब सत्ता चली जाती है तो मुसलमानों के भाई बन जाते हैं.” उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र किया. संशोधन बिल पर डिवीजन मांगा.
जिसके बाद गृहमंत्री खड़े हुए. इस दौरान ओवैसी ने अमित शाह के बयान पर आपत्ति जताई. जिसपर अमित शाह ने कहा कि ऐसे चर्चा नहीं हो सकती है. जिसपर स्पीकर ओम बिरला ने ओवैसी से बैठ जाने के लिए कहा. फिर अमित शाह ने बोलना शुरू किया. उन्होंने कहा, ”आतंकवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए देश में कठोर से कठोर कानून की जरूरत.” उन्होंने कहा कि शहरी माओवाद (अर्बन माओइज्म) के लिए काम करने वालों के लिए हमारे मन में थोड़ी भी संवेदना नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि सरकार का प्राथमिक फर्ज है कि आतंकवाद को समूल नष्ट किया जाए. पाकिस्तान तक में इसका प्रावधान है. व्यक्ति के मन में आतंकवाद है तो सिर्फ संस्था पर प्रतिबंध लगाने से नहीं होगा।
अमित शाह और असदुद्दीन ओवैसी के बीच इसी महीने 15 जुलाई को भी संसद में बहस हो गई थी. एनआईए संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान दोनों आमने-सामने आ गए थे. जब ओवैसी ने बीजेपी नेता सत्यपाल सिंह को टोका तो अमित शाह ने कहा कि डीएमके सदस्य ए राजा बोल रहे थे तो ओवैसी ने क्यों नहीं टोका? वह बीजेपी के सदस्य को क्यों टोक रहे हैं? अलग अलग मापदंड नहीं होना चाहिए।
इस पर ओवैसी ने कहा कि आप गृह मंत्री हैं तो मुझे डराइए मत, मैं डरने वाला नहीं हूं. शाह ने ओवैसी को जवाब देते हुए कहा कि किसी डराया नहीं जा रहा है, लेकिन अगर डर जेहन में है तो क्या किया जा सकता है।