
नेटफ्लिक्स पर शाहरुख खान का नया शो आने वाला है. इसमें इमरान हाशमी लीड रोल में दिखाई देंगे. कुछ दिन पहले ही नेटफ्लिक्स ने इसका ट्रेलर रिलीज किया था. शो को लेकर पाकिस्तान सेना ने किंग खान की आलोचना की है. पाकिस्तान के इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस के प्रमुख (डीजी-आईएसपीआर) आसिफ गफूर ने बॉलीवुड के सुपरस्टार पर निशाना साधा और कहा कि वह अपने कद का उपयोग शांति को बढ़ावा देने और कश्मीर में हो रहे ताजा घटक्रम पर बात करने के लिए करें.
ट्विटर पर गफूर ने लिखा, ‘शाहरुख खान बॉलीवुड सिंड्रोम में हैं. वास्तविकता देखें, रॉ एजेंट कुलभूषण जाधव हमारे पास है, विंग कमांडर अभिनंदन को हमने 27 फरवरी 2019 को पकड़ा.’
गफूर ने कहा, ‘शांति को बढ़ावा देने और कश्मीर में हो रहे अत्याचारों पर बोलने के लिए आप अपने कद का उपयोग कर सकते हैं. आपको चाहिए कि आप ऐसा करें.’ शाहरुख खान ने नेटफ्लिक्स पर आने वाले अपने शो को जासूसी, प्रतिशोध, प्रेम और कर्तव्य की एक रोमांचक कहानी- ‘बार्ड ऑफ ब्लड’ बताया था.
शाहरुख खान के प्रोडक्शन में बने इस शो में हाशमी रॉ एजेंट कबीर आनंद की भूमिका में हैं. पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में पकड़े गए चार भारतीय लोगों को बचाने की कहानी को इसमें दिखाया जाएगा.
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source