
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य मदन लाल सैनी का 75 साल की उम्र में सोमवार को नई दिल्ली में निधन हो गया। भाजपा के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि सैनी को कुछ ही दिन पहले नई दिल्ली के एम्स में भर्ती करवाया गया था।
सैनी फेफड़ों में इंफेक्शन की शिकायत के बाद शुक्रवार को राजस्थान से दिल्ली आकर भर्ती हुए थे। जानकारी अनुसार कई दिनों से सैनी का तबीयत खराब चल रही थी। इस दौरान वे मालवीय नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। स्थिति ज्यादा खराब होने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था।
पीएम मोदी ने भी मदनलाल सैनी के निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मदन लाल सैनी जी का निधन भाजपा परिवार के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने राजस्थान में पार्टी को मजबूत करने में योगदान दिया। मेरे विचार उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सैनी के निधन पर शोक जताया है। गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया कि सैनी के निधन का समाचार सुनकर गहरा सदमा लगा है। उन्होंने सैनी के परिजनों के प्रति सांत्वना जताई है।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source