बाजार खुलते ही शेयर बाजार में कोहराम मच गया है। सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 658.19 अंकों की भारी गिरावट के साथ 39087.47 पर खुला। खुलते ही यह गिरावट 1163.63 अंकों के करीब पहुंच गई। सेंसेक्स के सभी शेयर लाल निशान पर दिखे। सबसे ज्यादा गिरावट टेक महिंद्रा और टाटा स्टील के शेयरों में देखने को मिली। शेयर बाजार में भारी गिरावट के साथ ही शेयर धारकों के 5 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं।
निफ्टी की बात करें तो इसमें 335 अंकों की गिरावट देखी गई। 50 शेयरों में से कोई भी शेयर हरे निशान पर नहीं दिखा। सबसे ज्यादा गिरावट की बात की जाए तो टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, वेदांता और बजाज फाइनैंस में देखी गई। बाजार में गिरावट देखकर शेयर धारकों में खलबली मच गई है।
जानकारों का कहना है कि कोरोना वायरस का असर बाजार पर देखा जा रहा है। विदेशी बाजारों में मची इस खलबली का असर भारत में भी दिख रहा है। नैस्डैक में 400 अंकों से ज्यादा की गिरावट। सिंगापुर के बाजार में भी कोरोना वायरस का असर दिखा है। एसजीएक्स निफ्टी करीब 2 फीसदी से ज्यादा टूटा। मार्केट में 250 अंकों की गिरावट देखी गई।