बीजेपी के पूर्व सांसद स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई है। पीड़िता ने अपनी याचिका में कोर्ट से इस केस को उत्तर प्रदेश से दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग की है, जिस पर सुनवाई करने को सुप्रीम कोर्ट तैयार हो गया है। इस याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 2 मार्च को सुनवाई करेगा।
Supreme Court agrees to hear on 2nd March, a plea of the law student from Shahjahanpur, Uttar Pradesh, who levelled allegation of sexual exploitation against former BJP MP Swami Chinmayananda, seeking transfer of the case from Uttar Pradesh to Delhi. pic.twitter.com/LakEgFr41Z
— ANI (@ANI) February 28, 2020
साथ ही याचिका में पीड़िता ने यह भी कहा है कि उसकी जान को खतरा है। इसलिए इस केस को यूपी से बाहर ट्रांसफर करने की मांग करती है। कोर्ट ने पीड़िता से सुरक्षा के लिए पुलिस के पास जाने को कहा है। बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट से पिछले दिनों स्वामी चिन्मयानंद को जमानत मिल गई थी। इस मामले की जांच एसआईटी की टीम कर रही है।
गौरतलब है कि शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा 23 अगस्त 2019 को अचानक अपने हॉस्टल से लापता हो गई थी। अगले दिन उसका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने स्वामी चिन्मयानंद पर शारीरिक शोषण और कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया था। वीडियो वायरल होने के बाद हड़ंकप मच गया था।
इसके बाद छात्रा की पिता की ओर से बेटी के अपहरण और जान से मारने की धाराओं में स्वामी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। जिसके बाद पुलिस ने राजस्थान से छात्रा को बरामद किया था। मामले में सुप्रीम कोर्ट ने खुद संज्ञान लिया था। इस केस की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। जांच के दौरान स्वामी को 20 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं चिन्मयानंद ने आरोप लगाया था कि उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है और उससे 5 करोड़ की मांग की जा रही है। जिसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्जकर छात्रा समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था।