नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग(UPSC) ने उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज(जूनियर डिवीजन) का परिणाम घोषित कर दिया है,जिसके बाद से पूरे प्रदेश में जमकर खुशियाँ मनाई जारही हैं।
जिला शामली के गाँव बंतीखेड़ा के पूर्व प्रधान राव महरबान अली की पुत्रवधू मेहनाज खान का चयन होने के बाद से पूरे गाँव मे खुशी का माहौल है,प्रधान के परिवार को मुबारकबाद देने वालों का तांता लगा हुआ है।
परीक्षा में चयनित महनाज (28) मूल रूप से मेरठ की रहने वाली हैं। करीब एक साल पहले ही उनकी शादी बंतीखेड़ा के बुलंद राव से हुई थी, जो पूर्व प्रधान राव महरबान अली के बेटे हैं। बुलंद राव दुबई में प्राइवेट कंपनी में सीनियर रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

शनिवार रात जब उन्हें रिजल्ट की जानकारी मिली तो वह गांव में ही थीं और इस खबर से पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। सास नफीसा बेगम ने उसे गले से लगा लिया। महनाज ने फोन पर पति को पीसीएसजे में चयन की जानकारी दी।
बता दें कि महनाज का चयन सिविल जज जूनियर डिवीजन के लिए हो गया है। महनाज के पिता बाबू खान मेरठ में ही रहते हैं। परिजनों के अनुसार महनाज की स्कूली पढ़ाई मेरठ के कृष्णा पब्लिक स्कूल कंकरखेड़ा से हुई। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से बीए, एलएलबी एलएलएम किया। एक साल पहले ही शादी होने के बाद वह बंतीखेड़ा में बहू बनकर आई हैं।
महनाज ने बताया कि स्कूल टाइम से ही उनकी बड़ा अधिकारी या जज बनने की इच्छा थी। दूसरे प्रयास में वह इस परीक्षा में सफल हुई हैं। ससुराल में घर के कामकाज के साथ वह परीक्षा की तैयारी भी कर रही थी।