ट्रंप की अगुवानी की सारी तैयारी सरकारी, लेकिन एक अनजान एनजीओ की पर्देदारी, कांग्रेस ने उठाए सवाल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगामी भारत दौरे को लेकर गुजरात के अहमदाबाद में उनके भव्य स्वागत के लिए हो रही अभूतपूर्व तैयारियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल केंद्र की मोदी सरकार ने दावा किया है कि ट्रंप के दौरे का सारा प्रबंधन एक ‘नागरिक अभिनंदन समिति’ द्वारा किया जा रहा है। अब इसी नागरिक अभिनंदन समिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मेंत्री आनंद शर्मा ने सरकार के दावे पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि अगर ट्रंप के दौरे को लेकर अहमदाबाद में हो रहा सारा प्रबंधन एक नागरिक अभिनंदन समिति कर रही है, तो सरकार बताए कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस समिति के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं? साथ ही उन्होंने पूछा कि ये समिति कब बनी, आखिर कौन-कौन लोग इसमें शामिल हैं और इसका पंजीकरण कब हुआ और इतना पैसा कहां से आया?”

आनंद शर्मा ने इन सारे सवालों का खुद ही जवाब देते हुए बताया कि वास्तविकता ये है कि ट्रंप के स्वागत पर खर्च हो रहा सारा पैसा भारत सरकार और गुजरात सरकार का है। उन्होंने बताया कि मोटेरा स्टेडियम को किराये पर लेने से लेकर देश के 28 राज्यों के कलाकारों को निमंत्रण तक सब एक समिति के वश में नहीं है। इस तैयारी के लिए हो रहे सारे कामों की अनुमति गुजरात सरकार ने दी है। इसके लिए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन को विशेष ग्रांट भी दिया गया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ट्रंप के दौरे की सारी तैयारियों का खर्च सरकार कर रही है तो हमें इन बातों पर आपत्ति नहीं है, लेकिन सरकार को झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को छोती ठोक कर कहना चाहिए कि मेरे दोस्त आ रहे हैं, तो उनके स्वागत के लिए मैं नमस्ते ट्रंप का इतना बड़ा प्रबंधन कर रहा हूं। उन्होंने कहा, “हमारा बस यही कहना है कि ट्रंप का दौरा अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव प्रचार की कड़ी नहीं बननी चाहिए। इसके नतीजे हमारे राष्ट्रहित में होने चाहिए।”

आनंद शर्मा ने कहा कि जैसा कि डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनके पीएम मोदी से अच्छे संबंध है और प्रधानमंत्री ने उनको 50-70 लाख लोगों द्वारा स्वागत के लिए आश्वस्त किया है। ऐसे में हमें उम्मीद है कि देश के लंबित मुद्दों जैसे H1B1 वीजा, GSP का समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि दौरे पर भारत के हित की बात भी होनी चाहिए, यह केवल एक फोटो अपॉर्चुनिटी, पीआर एक्सरसाइज, जश्न और हथियारों की खरीद तक सीमित नहीं होना चाहिए, राष्ट्रहित भी सामने रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को अपने पद की गरिमा और भारत के हित को सामने रखते हुए इस यात्रा से सुनिश्चित करना चाहिए कि इसके परिणाम भारत के हित के लिए सकारात्मक हों।

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading