
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक तीन महीने पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद एम. देवड़ा ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसी के साथ एक और कांग्रेस के दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी पार्टी महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस्तीफे का ऐलान करते हुए ट्वीट किया, जनादेश स्वीकार करते हुए और हार की जिम्मेदारी लेते हुए मैंने राहुल गांधी को कांग्रेस महासचिव पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मैं उन्हें (राहुल गांधी) इस जिम्मेदारी को सौंपने के लिए और मुझे पार्टी की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद देता हूं।
मिलिंद एम. देवड़ा शहर इकाई की देखरेख के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं के सामूहिक नेतृत्व के अस्थायी व्यवस्था की सिफारिश की है। देवड़ा के कांग्रेस में राष्ट्रीय भूमिका के लिए नई दिल्ली जाने की संभावना है।
उनके एक सहयोगी के अनुसार, 26 जून को नई दिल्ली में निवर्तमान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने के तुरंत बाद देवड़ा ने पद छोड़ने की इच्छा व्यक्त की थी।
देवड़ा के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, “इस बात की जानकारी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों मल्लिकार्जुन खड़गे और के.सी. वेणुगोपाल को भी दे दी गई है।”
यह कदम गांधी के इस्तीफे के साथ एकजुटता और सामूहिक जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति के रूप में है। देवड़ा को संजय निरुपम की जगह 2019 लोकसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर मुंबई कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source