CPI नेता एनी राजा की पुरानी तस्वीर, हालिया जेएनयू प्रदर्शन में गिरफ्तार छात्रा के दावे से वायरल

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी के हालिया नियम के बाद इसके खिलाफ छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे है। इस दौरान सोशल मीडिया में विरोध प्रदर्शन को दर्शाने वाली कई तस्वीरें और वीडियो साझा किये जा रहे हैं। अभी हाल ही में एक वृद्ध महिला की गिरफ्तारी की तस्वीर सोशल मीडिया में शेयर की गई है, जिसमें महिला को जेएनयू छात्रा बताया गया है। तस्वीर के साथ साझा किये गए संदेश के मुताबिक, “JNU छात्रा: “लाजवंती ताई” BA फर्स्ट ईयर 😎 रोल नम्बर 69 फीस बढ़ाने को लेकर विरोध स्वरूप गिरफ्तारी देती हुई😊 BA भी पूरा कर पायेगी, मने बस पूछा है।🤣😂🤓 भगवान उसको चिरयौवना रखे🙏 #जेएनयू_बंद_करो।”।

इस तस्वीर को समान दावे के साथ ट्विटर और फेसबुक पर व्यापक रूप से प्रसारित किया गया है।

समान दावा करते हुए अंग्रेजी संदेश के साथ भी फेसबुक और ट्विटर पर साझा किया गया है –“A final year student from JNU got arrested. #ShutDownJNU.” यह तस्वीर फेसबुक पर एक तमिल संदेश के साथ भी प्रसारित है। यहाँ तक कि यह तस्वीर व्हात्सप्प पर मीम के रूप में प्रसारित है।

हमें तस्वीर की पड़ताल करने के लिए ऑल्ट न्यूज़ के अधिकृत व्हाट्सएप पर भी अनुरोध प्राप्त हुए है।

JNU छात्रा नहीं, CPI नेता एनी राजा की पुरानी तस्वीर

वायरल तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें इस तस्वीर को शामिल करने वाले मई 2019 में प्रकाशित कई मीडिया संगठनों के लेख मिले। NDTV के लेख के मुताबिक, यह महिला उन प्रदर्शनकारियों में से एक है, जो सर्वोच्च न्यायालय के बाहर पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगई को यौन उत्त्पीड़न के मामले में क्लीनचिट मिलने के बाद प्रदर्शन कर रहे थे। इसके अलावा टेलीग्राफ इंडिया, फर्स्टपोस्ट ने भी अपने लेख में इस तस्वीर को प्रकाशित किया था।

इसके अतिरिक्त, हमें DNA का एक लेख भी मिला, जिसमें इस महिला की पहचान CPI की नेता एनी राजा के रूप में की गई है। ऑल्ट न्यूज़ ने एनी राजा से संपर्क किया। बातचीत के दौरान उन्होंने हमें बताया कि सोशल मीडिया में जेएनयू में फीस बढ़ोतरी को लेकर हो रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के रूप में साझा की जा रही यह तस्वीर उनकी ही है।

इस प्रकार, मुख्य न्यायाधीश पर लगे यौन उत्त्पीड़न के मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायलय के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल एनएफआईडव्ल्यू की महासचिव और CPI की नेता एनी राजा की तस्वीर को जेएनयू की छात्रा बताकर झूठे दावे से प्रसारित किया गया। अभी हाल ही में एक 23 वर्षीय छात्रा की तस्वीर को JNU में पढ़ रही 43 वर्षीय छात्रा का बताकर शेयर किया गया था।

The post CPI नेता एनी राजा की पुरानी तस्वीर, हालिया जेएनयू प्रदर्शन में गिरफ्तार छात्रा के दावे से वायरल appeared first on Alt News.

Syndicated Feed from Altnews/hindi Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں