
नई दिल्ली: कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाने के केंद्र सरकार के फैसले की वजह से भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने का असर गुरुवार को दोनों देशों के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस के यात्रियों को भी झेलना पड़ा। पाकिस्तानी अथॉरिटीज ने दोपहर में इस ट्रेन के परिचालन को अनिश्चितकाल के लिए रद्द करने की घोषणा कर डाली, लेकिन तब 100 से ज्यादा यात्री समझौता एक्सप्रेस से भारत आने के लिए लाहौर से वाघा बॉर्डर के लिए निकल चुके थे।
इस बीच ट्रेन के वाघा बॉर्डर पहुंचने पर उसके साथ आए पाकिस्तानी सिक्युरिटी गार्ड्स और क्रू मेंबर्स ने भारत में अपनी सुरक्षा को खतरा होने की आशंका जताते हुए ट्रेन को आगे अटारी तक ले जाने से मना कर दिया। इससे यात्रियों के बीच भी असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। भारतीय अथॉरिटीज की तरफ से पहले तो क्रू मेंबर्स को भरोसा दिलाने की कोशिशें की गईं कि भारत में हालात बिल्कुल सामान्य हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा को किसी तरह का कोई खतरा नहीं है और अगर फिर भी उन्हें कोई खतरा लग रहा है, तो भारतीय अथॉरिटीज की तरफ से उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। मगर इसके बावजूद जब पाकिस्तानी क्रू ने ट्रेन को आगे ले जाने से इनकार कर दिया, तो भारत की तरफ से ट्रेन को वाघा बॉर्डर से अटारी बॉर्डर तक लाने के लिए अपना इंजन, क्रू मेंबर और सिक्युरिटी गार्ड्स भेजने पड़े। तब जाकर शाम पौने 5 बजे के करीब ट्रेन अटारी बॉर्डर पर पहुंच पाई।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि समझौता एक्सप्रेस के जरिए पाकिस्तान से भारत आ रहे यात्रियों को लेकर लिंक एक्सप्रेस शुक्रवार तड़के साढ़े 3 बजे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन से कुल 117 यात्री दिल्ली आ रहे हैं, जिनमें 76 भारतीय और 41 पाकिस्तानी यात्री हैं। हालांकि पाकिस्तानी अथॉरिटीज की तरफ से इस ट्रेन का परिचालन बंद करने की घोषणा करने के बाद आगे इस ट्रेन से यात्रा की बुकिंग कराने वालों के लिए संकट की स्थिति पैदा हो गई है।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source