रिवॉल्वर लेकर नाचने वाले विधायक को बीजेपी ने भेजा नोटिस !

रिवॉल्वर लेकर नाचने वाले विधायक को बीजेपी ने भेजा नोटिस !

उत्तराखंड से भाजपा के निलंबित विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन बुधवार को उस समय फिर एक नये विवाद में फंस गए जब उनका एक कथित वीडियो वायरल हो गया जिसमें वह हाथों में रिवॉल्वर लेकर नाचते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद भाजपा के लिए असहज स्थिति पैदा हो गई और इसके बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया।

निलंबित भाजपा विधायक प्रणव चैंपियन अपने वायरल वीडियो के बारे में सफाई देते हुए जिसमें वह बंदूक तानते नजर आ रहे हैं इस पर उन्होंने कहा कि यह एक साजिश है। वे सब लाइसेंसी हथियार हैं और लोड नहीं हैं। मैं किसी की ओर इशारा नहीं कर रहा हूं और न ही किसी को धमकी दे रहा हूं। क्या अपराध है? क्या शराब पीना और लाइसेंसी बंदूक रखना अपराध है?

इस कथित वीडियो में खानपुर के विधायक हाथों में दो रिवॉल्वर लेकर बॉलीवुड के गाने पर नाचते दिख रहे हैं और उनके कंधे पर कार्बाइन लटकी नजर आ रही है। वीडियो में वह गिलास से शराब पीते दिख रहे हैं जबकि उनके मित्र उनके लिए तालियां बजाते दिख रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा कि पार्टी प्रणव सिंह के आचरण की घोर निंदा करती है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।

भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष और नैनीताल से सांसद अजय भट्ट ने हरिद्वार में पत्रकारों को बताया, ‘‘विधायक को एक नोटिस जारी किया गया है और उनसे 10 दिनों के भीतर उनके आचरण पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।”

उन्होंने कहा, ‘‘यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उन्हें पार्टी से निष्कासित भी किया जा सकता है।”

भाजपा ने पिछले महीने अनुशासनहीनता के आरोप में चैम्पियन को तीन महीने के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। भट्ट ने कहा कि वीडियो क्लिप में विधायक द्वारा उत्तराखंड के बारे में इस्तेमाल किये गये शब्दों से पार्टी को काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। भट्ट के साथ मौजूद पार्टी के उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि भाजपा अपने सिद्धांतों से कभी भी समझौता नहीं करती है।

जाजू ने कहा, ‘‘चैंपियन ने जो व्यवहार किया वह एक जनप्रतिनिधि का नहीं होता है। भाजपा इसे सहन नहीं करेगी। विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।”

पार्टी ने उनके खिलाफ नयी दिल्ली के उत्तराखंड निवास में एक पत्रकार को धमकाने और अनुशासनहीनता के आरोपों की प्राथमिक जांच शुरू की थी।

इससे कुछ महीने पहले भी वह भाजपा के झबरेड़ा से विधायक देशराज कर्णवाल के साथ वाकयुद्ध और उन्हें कुश्ती लड़ने की चुनौती देने को लेकर सुर्खियों में रहे थे। चैम्पियन उन कांग्रेस विधायकों में शामिल थे जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के खिलाफ बगावत की थी और 2016 में भाजपा में शामिल हो गए थे।

This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading