
यूपी के बाराबंकी में बीजेपी युवा मोर्चा के जिला मंत्री की पत्नी की हत्या कर दी गई है. बीजेपी युवा मोर्चा के जिला मंत्री राहुल सिंह पत्नी के साथ कार से कहीं जा रहे थे. रास्ते में एक पुल के पास पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उनकी कार रोक ली. पहले बदमाशों ने राहुल सिंह को घसीटकर कार से बाहर निकाला उनकी पिटाई की, जब राहुल बेहोश हो गए तो फिर बदमाश लूटपाट करने लगे. लूटपाट का विरोध करने पर उनकी पत्नी स्नेहलता की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी.
अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है. स्नेह लता सिंह की हत्या का आरोप उसके पति और बीजेपी नेता राहुल सिंह पर ही लगा है. राहुल समेत 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
राहुल के मुताबिक, शनिवार देर रात वह अपनी पत्नी को लेकर कार से मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव दौलतपुर जा रहे थे. रास्ते में फतेहपुर क्षेत्र में बेलहरा पुल से नहर की पटरी पर जरखा पुल के पास बदमाशों ने उनकी कार रोककर लूटपाट की. उन्होंने बताया कि बदमाशों ने उन्हें और उनकी पत्नी स्नेहलता को मारा पीटा और विरोध करने पर स्नेहलता को दो गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. दोनों की शादी इसी साल 27 जनवरी को हुई थी.
वहीं, स्नेहलता के पिता रामकुमार ने अपने दामाद पर ही दहेज की मांग पूरी ना होने पर हत्या करने का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही स्नेहलता की ससुराल के लोग कार की मांग कर रहे थे, जो पूरी ना होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गयी. पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर के निर्देश पर पुलिस ने पति राहुल और उसके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पति राहुल द्वारा दिये गए बयानों की भी जांच हो रही है.
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source