नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड दौरे पर है जहां वनडे और टी20 मैचों की सीरीज जीतकर इतिहास रच दिया है, इसी बीच टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बड़ी खुशखबरी मिली है. मोहम्मद शमी के घर एक नन्ही परी आई है. खुद मोहम्मद शमी ने हैमिल्टन से ये खुशखबरी फैंस के साथ साझा की।
मोहम्मद शमी ने अपने ट्वीटर पर नन्ही बच्ची की फोटो डालते हुए लिखा- मेरे परिवार में एक और बच्ची का जन्म. ‘प्यारी सी राजकुमारी तुम्हें जन्म मुबारक हो. तुम लाड और प्यार के बीच बड़ी हो. दुनिया में तुम्हारा स्वागत है. भाई के परिवार को मुबारकबाद.’

बता दें मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) का चाचा बनना उनके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी की तरह है. दरअसल शमी की निजी जिंदगी में काफी परेशानियां चल रही हैं. शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच अनबन है. हसीन जहां ने शमी पर फिक्सिंग और दूसरी लड़कियों से अवैध संबंधों के आरोप लगा दिये थे. यही नहीं हसीन जहां ने शमी के बड़े भाई पर भी बलात्कार का आरोप लगाया था. जिसके बाद उनके भाई को गिरफ्तार तक कर लिया गया था।

भले ही मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) की निजी जिंदगी पटरी पर ना हो लेकिन इसके बावजूद वो क्रिकेट के मैदान पर जबर्दस्त प्रदर्शन कर रहे हैं. मोहम्मद शमी ने तीनों फॉर्मेट में कमाल की गेंदबाजी की है. टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो मोहम्मद शमी ने पिछले 12 महीनों में 7 टेस्ट में 31 विकेट झटके हैं. टेस्ट रैंकिंग में शमी 10वें नंबर पर हैं. वनडे फॉर्मेट में भी शमी ने 18 मैचों में 37 विकेट झटके हैं. वर्ल्ड कप में तो शमी का प्रदर्शन जानदार रहा था. उन्होंने महज 4 मैचों में 14 विकेट झटके थे, जिसमें अफगानिस्तान के खिलाफ हैट्रिक भी शामिल थी।
न्यूजीलैंड दौरे पर भी मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने टी20 सीरीज में भी भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की. शमी ने 3 मैचों में 2 ही विकेट झटके लेकिन हैमिल्टन में तीसरे टी20 में उन्होंने आखिरी ओवर में पूरा खेल पलट दिया. इस मैच में शमी ने आखिरी ओवर में विलियमसन और रॉस टेलर को आउट कर मुकाबले को टाई करा दिया. इसके बाद मैच सुपर ओवर में गया और रोहित शर्मा ने आखिरी दो गेंदों पर छक्के लगाकर भारत को रोमांचक जीत दिला दी थी. इस मुकाबले में मैन ऑफ द मैच रोहित शर्मा को चुना गया था लेकिन उन्होंने शमी को जीत का असली हीरो बताया था।
This post appeared first on The Inquilaab http://theinquilaab.com/ POST LINK Source Syndicated Feed from The Inquilaab http://theinquilaab.com