
बिहार विधानसभा चुनाव में अभी भले ही एक साल का समय शेष है, परंतु महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर अभी से घमासान की स्थिति है। मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
महागठबंधन में शामिल सभी प्रमुख दल अपने-अपने नेता के मुख्यमंत्री पद के लिए योग्य उम्मीदवार होने का दावा ठोंक रहे हैं। स्थिति यह है कि हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के मुख्यमंत्री बनने की महत्वकांक्षा फिर से जाग उठी है।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री मांझी ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के बाद यदि महाठबंधन को बहुमत मिलता है और अगर उन्हें नेता चुना जाता है तो वह मुख्यमंत्री बनने को तैयार हैं।
उन्होंने हालांकि इस मामले में आगे कहा कि महागठबंधन में शामिल सभी दलों की बैठक में यह तय होगा कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। उन्होंने कहा कि वह 9 महीने तक मुख्यमंत्री रह चुके हैं। वह एक बेहतर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।
उनके कार्यकाल को और उनके द्वारा लिए गए फैसलों को जनता याद करती है। उन्होंने कहा है यदि दोबारा मौका मिलता है तो वह योग्य मुख्यमंत्री साबित होंगे। उन्होंने कहा कि जब तक दलित मुख्यमंत्री नहीं होगा, तब तक दलितों का विकास नहीं होगा।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source