पड़ताल: अमित शाह का दावा नरेंद्र मोदी ने 5 साल में मनमोहन सिंह से कम विदेशी दौरे किए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में एक चुनावी सभा के दौरान दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने पांच साल में पीएम नरेंद्र मोदी की तुलना में अधिक विदेशी यात्राएं कीं थी।

जैसा कि भाजपा के यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किए गए उपरोक्त वीडियो से स्पष्ट है, अमित शाह कह रहे हैं कि जब दोनों प्रधानमंत्रियों की विदेश यात्राओं की संख्या की जांच की गई तो यह सामने आया कि पांच वर्षों में, प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री से कम विदेश यात्राएं की है।

वीडियो में 0:07 मिनट से उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि, “अभी अभी कांग्रेस के एक नेता बोलते थे , कि मोदीजी विदेशो में घुमते हैं , मैंने बोला जांच कराओ  के मनमोहन जी के 5 साल और मोदीजी के 5 साल ज़्यादा विदेश में कौन गया देखो भाई, तो मालूम पड़ा मोदीजी कम गए हैं और मनमोहन सिंह ज़्यादा गए हैं। तो मेरे मन में सवाल उठा कि दीखता तो ऐसा है कि मोदीजी ज़्यादा गए हैं , ऐसा क्यों हुआ ?”

इसके बाद अमित शाह ने ज़ोर देकर बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं ने उनकी लोकप्रियता के कारण काफी ध्यान आकर्षित किया है, जबकि ऐसा डॉ.मनमोहन सिंह के दौरों के दौरान नहीं देखा गया। कांग्रेस और भाजपा के बीच कई बार प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं के बारे में नोकझोक हुई है। अभी हाल ही में, विश्व पर्यावरण दिवस (27 सितंबर) के मौके पर कांग्रेस पार्टी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री के विमान में चढ़ने से पहले की तस्वीरों के कोलाज को ट्वीट किया था।

तथ्य जांच: अमित शाह का झूठा दावा

अमित शाह का दावा पूरी तरह से गलत है। वास्तविक संख्या गृहमंत्री के बयान के साथ मेल नहीं खाती है। प्रधानमंत्री द्वारा की गई अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं की जानकारी पीएमओ की वेबसाइट पर आसानी से उपलब्ध है। ऑल्ट न्यूज़ ने तीन संख्याओं के समूह की तुलना की है।

  1. अंतराष्ट्रीय यात्राओं की कुल संख्या
  2. यात्रा किये गए देशों की संख्या
  3. यात्राओं के दौरान विदेशों में बिताये गए दिनों की संख्या

1. अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की कुल संख्या

2014 में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पद संभालने के बाद, अपने पहले कार्यकाल के (2019) समाप्ति तक, प्रधानमंत्री ने कुल 49 बार विदेश यात्राएं की है। प्रधानमंत्री मोदी की पहली विदेश यात्रा जून 2014 में भूटान की थी। उनके पहले कार्यकाल की अंतिम विदेश यात्रा फरवरी 2019 में दक्षिण कोरिया की थी।

इसके अलावा, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पहले कार्यकाल (2004-2009) में कुल 35 विदेश यात्राएं की थी, जो कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्राओं से 14 कम है। यह जानकारियां PMO आर्काइव पर मौजूद है। प्रधानमंत्री के रूप में मनमोहन सिंह की पहली विदेश यात्रा जुलाई 2004 में थाईलैंड में हुई थी। उनकी अपने कार्यकाल की अंतिम यात्रा यूके में, मार्च-अप्रैल 2009 में G-20 शिखर सम्मेलन में की थी। अगर हम डॉ.मनमोहन सिंह के दूसरे कार्यकाल (2009-2014) की बात करें तो उन्होंने 38 विदेश यात्राएं की थी, जो उनके पहले कार्यकाल से थोड़ी ही ज़्यादा है।

2. यात्रा किये गए देशों की संख्या

2004 से 2009 की अवधि में, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपनी 35 विदेश यात्राओं के दौरान 28 देशों की यात्रा की थी। डॉ.सिंह ने अपने दूसरे कार्यकाल (2009-2014) में 55 देशों का दौरा किया, उनके दोनों कार्यकाल के दस वर्षों में उन्होंने कुल 93 देशों का दौरा किया है। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी 49 अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं के दौरान 2014 से 2019 तक 59 देशों का दौरा किया है। चाहे हम पहले या दूसरे कार्यकाल की बात करें, यहां भी नरेंद्र मोदी ने डॉ. मनमोहन सिंह को संख्या के मामले में पीछे छोड़ दिया।

3. यात्राओं के दौरान विदेशों में बिताये गए दिनों की संख्या

2004 से 2009 तक डॉ. मनमोहन सिंह ने अपनी 35 अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं के दौरान 147 दिन विदेश में बिताए हैं। यह आंकड़ा 2009 से 2014 तक 158 दिनों में पहले के कार्यकाल से थोड़ा अधिक था। यहां भी, प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 से 2019 तक, विदेश में 186 दिन बिताये थे। यह जानकारिया भी प्रधानमंत्री कार्यालय और पीएमओ आर्काइव की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

तीनो तुलनाओं की संख्याओं को टेबल के माध्यम से नीचे पोस्ट किया गया है।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (2004-2009) मनमोहन सिंह (2009-2014) नरेंद्र मोदी (2014-2019)
अंतरराष्ट्रिय यात्राओं की संख्या 35 38 49
यात्रा किए गए देशों की संख्या 28 55 59
विदेशों में बिताये गए दिनों की संख्या 147 158 186

स्त्रोत: पीएमओ, पीएमओ आर्काइव

निष्कर्ष के रूप में, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा किया गया दावा गलत है। सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारियों के माध्यम से यह पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह से अधिक विदेश दौरे किये थे। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानंमंत्री डॉ. सिंह से अधिक देशों के दौरे किये हैं और उनसे ज़्यादा दिन विदेश में बिताये हैं। इससे पहले 2017 में भी, अमित शाह ने ऐसा ही कुछ बयान दिया था – प्रधानमंत्री ने कुछ ही देशों का दौरा किया है, जो पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल के तीन वर्षों में ही किया था। द हिन्दू द्वारा की गई तथ्य जांच में यह इसे गलत पाया गया था।

The post पड़ताल: अमित शाह का दावा नरेंद्र मोदी ने 5 साल में मनमोहन सिंह से कम विदेशी दौरे किए appeared first on Alt News.

Syndicated Feed from Altnews/hindi Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading