
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के तहत दिल्ली की सभी 70 सीटों पर सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। इस बीच शाहीन बाग इलाके के बाटला हाउस में सनराइज पब्लिक स्कूल में मतदाताओं की तकरीबन एक किलोमीटर लंबी लाइन लगी है।
जागरण डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, इस बूथ पर सुबह 6 बजे से मतदान के लिए लोग आ रहे हैं, जिससे यहां पर अब तक एक किलोमीटर से भी बड़ी लंबी लाइन लग चुकी है।
आलम यह है कि शाहीन बाग में वोटिंग के लिए लोग इतनी भारी संख्या में निकल रहे हैं कि यहां गलियां तंग पड़ गई हैं। यहां की संकरी गलियों में भारी संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बल तैनात हैं।
पुलिस अधिकारी जगह-जगह माइक व लाउडस्पीकर लेकर लोगों से भीड़ कम करने की अपील कर रहे हैं। पुलिसकर्मी लोगों से अपील कर रहे हैं कि जो लोग वोट कर चुके हैं वह कृपया वहां से चले जाएं।
खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, भाजपा उपाध्यक्ष और दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू शनिवार सुबह करीब 10 बजे बेटे संदीप और बहू कनुप्रिया के साथ वोट डालने निर्माण भवन मतदान केंद्र पहुंचे।
वोट डालने के बाद उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आज दिल्ली की जनता शाहीन बाग का हिसाब-किताब कर रही है।
भाजपा उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पूरे साढ़े चार साल तक काम नहीं किया और आखिरी छह महीनों में झूठे वादे किए।
इससे नाराज होकर जनता प्रतिक्रिया में आज भाजपा को वोट दे रही है। भाजपा के दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू ने इस बात को खारिज कर दिया कि चुनाव में उनकी पार्टी ने शाहीन बाग को मुद्दा बनाया।
उन्होंने आईएएनएस से कहा कि छुद्र राजनीति के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने शाहीन बाग को मुद्दा बनाया। सडक़ जाम होने से लाखों लोगों को रोजाना तकलीफ उठानी पड़ रही है। आज दिल्ली की जनता बढ़-चढक़र वोट कर शाहीन बाग का हिसाब-किताब कर रही है।
श्याम जाजू ने कहा कि दिल्ली में लोग परिवर्तन चाहते हैं। जनता मोदी के समर्थन में भाजपा को वोट डाल रही है। क्योंकि दिल्ली में भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा का पूरा कैडर सडक़ पर उतर पड़ा है। भाजपा पोलिंग सेंटर तक अपने मतदाताओं को निकालने में सफल रही है। दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बनने जा रही है।
This post appeared first on The Siasat.com