
कर्नाटक में कांग्रेस को लगे झटके के बाद सियासी घमासान तेज होता जा रहा है और बयानबाजी का दौर चरम पर है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस विधायक आनंद सिंह और रमेश जरकिहोली के विधानसभा से इस्तीफा देने के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हाथ बताया है।
अमर उजाला पर छपी खबर के अनुसार, सिद्धारमैया ने कहा, ‘इसमें अमित शाह सीधे तौर पर शामिल हैं, प्रधानमंत्री भी। वो ताकत और पैसे का प्रलोभन दे रहे हैं। वो इस सरकार को गिराना चाहते हैं लेकिन वह इसमें सफल नहीं होंगे। कर्नाटक सरकार को कोई खतरा नहीं है। दोनों विधायक भाजपा में शामिल नहीं होंगे।’
बता दें कि बीते सोमवार को कर्नाटक में कांग्रेस के दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई थी। पहले बेल्लारी जिले के विजयनगर से कांग्रेस सांसद आनंद सिंह ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके बाद एक और कांग्रेस विधायक रमेश जरकिहोली ने भी विधानसभा से इस्तीफा दे दिया।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source