
ईरान ने शुक्रवार को उस खबर को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आसन्न हमले को लेकर चेतावनी दी थी। इसमें ईरान गणराज्य के अमेरिकी ड्रोन विमान को मार गिराने का बदला लेने की बात कही गई थी। ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता केयवान खोसरवी ने कहा, ”अमेरिका ने ईरान के लिए ओमान के जरिए ऐसा कोई संकेत नहीं भेजा।”
राज्य टेलीविजन पर जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है। विदेशी मीडिया में ईरानी अधिकारियों के हवाले से कहा गया था कि ओमान ने ईरान को ट्रम्प का एक संदेश दिया है जिसमें कहा गया था कि जबतक ईरानी गणराज्य बातचीत के लिए तैयार नहीं हो जाता तबतक अमेरिकी हमले का खतरा बना रहेगा। गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के मध्य राजनयिक संबंध नहीं है और ओमान ही दोनों देशों के मध्य बातचीत का जरिया बनता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, मुझे ईरान पर हमला करने की ‘कोई जल्दी नहीं’ है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें ईरान पर हमला करने की कोई ”जल्दी नहीं है।” उन्होंने खुलासा किया कि अमेरिकी बल जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार थे, लेकिन बड़े पैमाने पर लोगों के हताहत होने की आशंका के मद्देनजर उन्होंने बलों को वापस बुला लिया।
ईरान ने बृहस्पतिवार को दावा किया था कि उसने उसके हवाई क्षेत्र का उल्लंघन होने पर अमेरिकी सैन्य निगरानी ड्रोन को गिरा दिया। ट्रंप ने कई ट्वीट में कहा, ”मैं किसी जल्दबाजी में नहीं हूं।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की इस कार्रवाई का जवाब देने के लिए अमेरिकी बलों को भेजने का फैसला किया था लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया था।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source