इस युवा नेता को मिल सकती है कांग्रेस की कमान !

इस युवा नेता को मिल सकती है कांग्रेस की कमान !

राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद अब लगता है कि पार्टी के भीतर जल्द ही उनका उत्तराधिकारी चुन लिया जाएगा. कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) अगले सप्ताह अध्यक्ष या फिर कार्यवाहक अध्यक्ष का चुनाव कर सकती है. पार्टी सूत्रों ने बताया कि सीडब्ल्यूसी की बैठक के लिए आने वाले दिनों में एक तारीख तय की जाएगी

आम चुनाव में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. कांग्रेस हाल के दिनों में अपने सबसे गंभीर नेतृत्व संकट का सामना कर रही है. नेतृत्व संकट के बीच, कांग्रेस के पुराने व वरिष्ठ सदस्यों ने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से अस्थायी रूप से पद संभालने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अनुरोध ठुकरा दिया.

कार्यवाहक अध्यक्ष पद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं के नाम आगे चल रहे हैं. इनमें मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुशील कुमार शिंदे शामिल हैं. सिंधिया ने हालांकि कहा कि वह शीर्ष पद की दौड़ में नहीं हैं. पार्टी सूत्र ने कहा कि वासनिक इसके लिए फिट बैठ रहे हैं, क्योंकि वह केवल 59 वर्ष के हैं और दलित भी हैं.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पार्टी एक दलित अध्यक्ष की तलाश कर रही है और मुकुल वासनिक इसमें फिट बैठते हैं. उनको राहुल गांधी का भी समर्थन प्राप्त है. उक्त नेता ने ये भी कहा कि सीडब्ल्यूसी सदस्यों से पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चार नाम सुझाने को कहा गया है.

इसके अलावा कांग्रेस के दिग्गज करण सिंह, अमरिंदर सिंह और जनार्दन द्विवेदी ने हाल में सार्वजनिक तौर पर किसी युवा को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने की बात कही थी. ऐसे में माना जा रहा है कि मल्लिकार्जुन खड़गे और सुशील कुमार शिंदे की तुलना में वासनिक को कमान मिल सकती है.

This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source

اپنی رائے یہاں لکھیں