
अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव से जुड़े मामले में बुधवार को अपना फैसला सुनाएगा. पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत के कुलभूषण जाधव को मौत की सजा सुनाने के फैसले को भारत ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) में चुनौती दी है.
अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) ने अपने बयान में कहा कि द हेग के ‘पीस पैलेस’ में 17 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम साढे छह बजे सार्वजनिक सुनवाई होगी, जिसमें प्रमुख न्यायाधीश अब्दुलकावी अहमद यूसुफ कुलभूषण जाधव से संबंधित फैसला पढकर सुनाएंगे. पाकिस्तानी सैन्य अदालत ने अप्रैल 2017 में बंद कमरे में सुनवाई के बाद ‘जासूसी और आतंकवाद’ के आरोपों में भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी जाधव (49) को मौत की सजा सुनाई थी.
कुलभूषण जाधव की सजा पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. भारत ने इस मामले में पाकिस्तान द्वारा वियना संधि के प्रावधानों के ‘खुलेआम उल्लंघन’ के लिए आठ मई 2017 को आईसीजे का दरवाजा खटखटाया था. जिसके बाद आईसीजे की दस सदस्यीय पीठ ने 18 मई 2017 को पाकिस्तान को जाधव की मौत की सजा पर अमल से रोक दिया था.
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source