
अलीगढ़- छात्रसंघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष हमजा सुफियान व निवर्तमान सचिव हुजैफा आमिर के निलंबन, एफआईआर व कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने को लेकर गुरुवार को छात्रों ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में प्रदर्शन किया। चार छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। टकराव की स्थिति को देखते हुए आरएएफ, पीएसी व पुलिस फोर्स लगाई गई है।
एएमयू प्रशासन ने नकल करने के आरोप में 40 छात्रों को डिबार किया है। दो दिन पहले निर्वतमान उपाध्यक्ष सुफियान व निवर्तमान सचिव हुजैफा के साथ कुछ छात्र रजिस्ट्रार के पास बिना परमीशन मिलने पहुंचे थे। जहां रजिस्ट्रार के न मिलने के कारण छात्रों ने प्रदर्शन किया। रजिस्ट्रार अपने ऑफिस से उठ कर चले गए, जिससे गुस्साए छात्रों ने रजिस्ट्रार कार्यालय पर ताला लगा दिया। इसके बाद हुजैफा आमिर को निलंबित कर दिया गया। सिविल लाइंस थाने में हुजैफा सहित चार छात्रों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ।
इसी मामले को लेकर गुरुवार को छात्रों ने प्रशासनिक भवन के बाहर हंगामा किया। पुलिस ने चार छात्र नेताओं को हिरासत में लिया है। एसपी सिटी अभिषेक ने बताया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वीसी की गाड़ी को रोकने और वीसी कार्यालय में ताला डालने के बाद 4 छात्रों को हिरासत में लिया गया है। ऐहतियातन यूनिवर्सिटी के बाहर आरएएफ, पीएसी और लोकल फोर्स तैनात की गई है।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source