लखनऊ :ऑल इण्डिया मजलिस ऐ इत्तिहादुल मुस्लिमीन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष शौकत अली को नागरिकता संशोधन कानून पूरे प्रदेश में विरोध करवाने पर प्रशासन ने नज़रबन्द कर दिया है।
शौकत अली को उनके घर में नज़रबन्द कर दिया गया है तथा घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दी है, वहीं उनके घर के बाहर पुलिस का पहरा भी लगा दिया गया है।
आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम ) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली मूल रूप से अहरौला क्षेत्र के माहुल कस्बा के निवासी हैं। महराजगंज जिले में आयोजित एक जलसे में वे मंगलवार को शामिल होने के लिए जाने वाले थे। इस बात की जानकारी खुफिया विभाग के माध्यम से जब जिला प्रशासन को हुई तो जिला प्रशासन ने उनके घर से बाहर निकलने पर रोक लगा दिया।
जिला प्रशासन का निर्देश मिलते ही अहरौला थानाध्यक्ष मदन पटेल, माहुल चौकी प्रभारी तारकेश्वर राय मंगलवार की सुबह पुलिस फोर्स के साथ शौकत अली के आवास पर पहुंच गए। पुलिस ने शौकत को घर से बाहर निकलने से रोक दिया। सतर्कता के दृष्टि से उनके घर के बाहर पुलिस फोर्स निगरानी के लिए तैनात कर दी गई है। इसी के साथ ही पूरे कस्बा में भी पुलिस फोर्स पूरे दिन सक्रिय दिखाई दिया।
नगरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में बवाल के बाद मऊ व लखनऊ समेत अन्य जिलों में पुलिस ने अब तक 113 आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 28 मऊ में पकड़े गए हैं।
इनके साथ ही मऊ व लखनऊ समेत अलग-अलग जिलों में 18 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपितों को चिह्नित किया जा रहा है। मऊ में हुए उपद्रव के बाद डीआइजी विशेष अनुसंधान दल (एसआइटी) जे रवींद्र गौड को डीआइजी रेंज आजमगढ़ बनाया है।
आइजी कानून-व्यवस्था प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने दावा किया कि मंगलवार को मऊ, लखनऊ, अलीगढ़ समेत सभी जिलों में पूरी तरह से शांति-व्यवस्था कायम रही। उनका कहना कि कि पूरे प्रदेश में अब तक 113 आरोपितों को विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मुकदमों के तहत हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आइजी ने कहा कि अयोध्या प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद से ही प्रदेश में धारा-144 लागू है। स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी परिस्थितियों के आधार पर शर्तों के साथ छूट देने का निर्णय ले रहे हैं। मऊ, अलीगढ़ व सहारनपुर में कुछ समय के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बाधित की गईं। जिन शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है, वहां छात्रों को सकुशल उनके घर भिजवाया जा रहा है।
This post appeared first on The Inquilaab http://theinquilaab.com/ POST LINK Source Syndicated Feed from The Inquilaab http://theinquilaab.com Original Link- Source