
हैदराबाद की गच्चीबौली स्थित माइंड स्पेस सॉफ्टवेयर पार्क की 10वीं मंजिल पर स्थित DSM कंपनी में बुधवार को दोपहर एक महिला कर्मचारी में करोना वायरस के संदिग्ध लक्षण पाए जाने के बाद हड़कम्प मच गया. जिसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने कार्यालय में काम करने से इंकार कर दिया.
सभी कर्मचारी कंपनी का कार्य घर से करने को तैयार हैं, इसलिए कार्यालय को सील करके कर्मचारियों को घर से ही कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं. DSM कंपनी की महिला कर्मचारी परिमाला हाल ही में कंपनी की ओर से इटली गयी थी. वहां से लौटने के बाद उसमें करोना वायरस के संदेहास्पद लक्षण पाए जाने के बाद हड़कम्प मच गया.
कंपनी के मानव संसाधन प्रबंधक ने एक अधिसूचना जारी करते हुए कहा है कि सॉफ्टवेयर कंपनी के कर्मचारी अपने घर से काम करें और जिनमें बुखार या सर्दी के लक्षण पाए जाएं, वह अपने परिवार से अलग रहें. कंपनी ने महिला कर्मचारी को गांधी हॉस्पिटल भेज दिया है और इस कंपनी का कार्यालय सील कर दिया गया है.
कंपनी की अधिसूचना में कहा गया है कि इस महिला कर्मचारी की हालत स्थिर है. इस सॉफ्टवेयर पार्क की अधिकतर कंपनियों के कर्मचारियों को घर भेज दिया गया है. अगली सूचना जारी होने तक वे कंपनी का आदेश का पालन करेंगे. दस दिन के भीतर विदेश से लौटने वाले सभी सॉफ्टवेयर इंजीनियरों का परीक्षण गांधी हॉस्पिटल में कराया जा रहा है.
This post appeared first on The Siasat.com