
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने ही कार्यकर्ता पर झल्लाते दिख रहे हैं. वीडियो में एक मंच पर सीएम खट्टर अपने कार्यकर्ता की तरफ फरसा लेकर गुस्से में कहते हैं कि ‘गर्दन काट दूंगा तेरी.’ इसे लेकर कांग्रेस ने जमकर हमला बोला है.
हरियाणा में कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही चुनावी मोड में आ गए हैं. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) भी पूरी तैयारी के साथ लगातार दूसरी बार बीजेपी (BJP) की सरकार बनवाने के लिए जुटे हुए हैं. इसके लिए वह कई सभाएं भी कर चुके हैं. रोहतक में पीएम नरेंद्र मोदी की सभा भी हो चुकी है. ऐसे में कांग्रेस भी अब सोशल मीडिया से ही खट्टर पर हमला बोलना शुरू कर दी है.
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मनोहर लाल खट्टर के वीडियो को शेयर कर तंज कसते हुए ट्वीट किया, ‘गुस्सा और अहंकार सेहत के लिए हानिकारक है. खट्टर साहब को गुस्सा क्यों आता है? फरसा लेकर अपने ही नेता को कहते हैं- ‘गर्दन काट दूंगा तेरी’. फिर जनता के साथ क्या करेंगे?
ग़ुस्सा और अहंकार सेहत के लिए हानिकारक हैं!
खट्टर साहेब को ग़ुस्सा क्यों आता है?
फरसा लेकर अपने ही नेता को कहते हैं –
"गर्दन काट दूंगा तेरी"फिर जनता के साथ क्या करेंगे? pic.twitter.com/hCQJAlG7Sx
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) September 11, 2019
इसमें पूर्व सांसद और कांग्रेस नेता दीपेंदर हुड्डा भी पीछे नहीं रहे उन्होंने भी ट्वीट किया, ‘गर्दन काट दूंगा तेरी’ अपने कार्यकर्ता के लिए ये भाषा क्या किसी संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा देती है?’ हरियाणा के मुख्यमंत्री की ये भाषा अहंकार और भाजपाई घमंड का प्रतीक है.
इस पर खट्टर ने कहा कि आज अगर कोई, विशेष रूप से मेरी पार्टी का कार्यकर्ता मेरे सिर पर चांदी का मुकुट बांधता है, तो मुझे गुस्सा आएगा और मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता. सत्ता में आने के बाद हमने इस संस्कृति को समाप्त कर दिया. वह एक पुराना पार्टी कार्यकर्ता है और उसे बुरा नहीं लगा.
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source
