हरियाणा: उर्दू अकादमी की पांच किताबों का किया गया विमोचन!

हरियाणा: उर्दू अकादमी की पांच किताबों का किया गया विमोचन!

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को सिरसा में श्री गुरु नानक देव जी के 550 साला प्रकाश उत्सव के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात उन्होंने प्रदर्शनी पंडाल में ही हरियाणा उर्दू अकादमी द्वारा प्रकाशित पांच पुस्तकों का विमोचन भी किया।

खास खबर पर छपी खबर के अनुसार, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिन पुस्तकों का विमोचन किया, उनमें डा. चंद्र त्रिखा द्वारा लिखी गई पुस्तक भाई मरदाना और रबाब, शायर महदी नज्मी द्वारा लिखित नज्रे नानक, उर्दू शायरी में गुरु नानक देव जी का तसव्वुर और त्रैमासिक पत्रिका जमनातट में गुरु नानक देव जी को समर्पित दो अंकों का विमोचन भी किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हुक्मनामा कलेंडर का विमोचन भी किया।

मनोहर लाल ने सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग और भाई वीर सिंह सदन द्वारा संयुक्त रूप से श्री गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन पर लगाई गई इस प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि हमें श्री गुरु नानक देव जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज को आगे बढ़ाना होगा।

प्रदर्शनी का थीम ‘‘रबाब से नगाड़ा तक’’ था, जिसका तात्पर्य यह है कि श्री गुरु नानक देव जी रबाब बजाकर समाज में अपना संदेश देते थे और सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह नगाड़े के माध्यम से अपना संदेश देते थे।

प्रदर्शनी हाल में रबाब और नगाड़ा दोनों का प्रबंध था और इन दोनों वाद्य यंत्रों को बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत भी किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल इससे इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने पूरे जोश के साथ नगाड़ा भी बजाया।

इस दौरान उन्होंने कैथल में लगाई गई संत चूड़ामणि भाई संतोख सिंह की प्रतिमा का रिमोट के जरिए अनावरण भी किया और वीडियो कान्फ्रैंसिंग के जरिए कैथलवासियों को इसकी बधाई भी दी।

उन्होंने कहा कि भाई संतोख सिंह का नाम विलक्षण प्रतिभाओं की उस सूची में शुमार है जिन्होंने वेदांत, सिख दर्शन, दार्शनिक चिंतन, शोध व अध्यात्म के जरिए क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں