
राजधानी दिल्ली में दो लोगों के बीच मामूली हाथापाई की घटना को सांप्रदायिक रंग देकर और भड़काने की कोशिशें जारी हैं। पुलिस ने इस बीच मौकगे से बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। पुलिस इलाके में मौजूद बाहरी लोगों पर भी नजर रख रही है।
नवजीवन पर छपी खबर के अनुसार, सुबह से ही इलाके में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के मौजूद होने से स्थिति खतरनाक होती जा रही है। रह-रहकर नारेबाजी से पूरा इलाका गूंज रहा है। हालांकि पुलिस ने स्थिति को काबू में कर रखा है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।
इस बीच मौके पर नारेबाजी कर माहौल में तनाव बढ़ाने की कोशिश में पुलिस ने बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। इन कार्यकर्ताओं को पुलिस जिप्सी में डालकर थाने ले जाया गया है।
इससे पहले भीड़ में मौजूद बजरंग दल के कार्यकर्ता बीच-बीच में भाषण और नारेबाजी कर रहे थे, जिससे माहौल गर्म होता जा रहा था। वे भीड़ से जय श्रीराम के नारे लगवाने की कोशिश कर रहे थे।
बजरंग दल की कार्यकर्ता सुनीता सिंह ने नवजीवन से बात करते हुए पुलिस पर विपक्षी समुदाय के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
सुनीता बार-बार स्थानीय लोगों को मंदिर में मूर्ति पुनर्स्थापित करने से मना कर रही थीं। उनका कहना है कि “बजरंग दल का पूरा संगठन उनके साथ है। वे कैसे हमारे भगवान पर हमला कर सकते हैं और हम उन्हें ऐसे ही जाने देंगे।”
हालांकि, इस बीच दोनों समुदाय से कई ऐसे लोग भी सामने आए जो माहौल को बिगड़ने से बचाने के पूरी कोशिश में लगे रहे। इलाके में कई साल से दूकान चला रहे कई ऐसे लोग माहौल को लेकर चिंतित हैं और किसी तरह हालात सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उनका कहना है कि इलाके में बहुत सारे बाहरी लोग हैं और वे उन्हें स्थानीय लोगों को समझाने नहीं दे रहे।
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source