
वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का रविवार को ऐलान कर दिया गया। इसमें राजस्थान से खेलने वाले तीन खिलाड़ियों को पहली बार एक साथ टीम में मौका मिला है। ऑलराउंडर दीपक चाहर और गेंदबाज खलील अहमद व राहुल चाहर को वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम में शामिल किया गया है। वहीं खलील अहमद को टी-20 के अलावा वनडे टीम में भी जगह मिली है।
खलील को वनडे और टी-20 में मौका
खलील मूल रूप से राजस्थान के टोंक के रहने वाले हैं, जबकि राहुल और दीपक चाहर राजस्थान से रणजी खेलते हैं, लेकिन वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा से हैं। टोंक के रहने वाले तेज गेंदबाज खलील अहमद ने एक बार फिर राजस्थान का मान बढ़ाया है। खलील को वनडे और टी-20 सीरीज दोनों में खेलने के लिए टीम इंडिया में जगह मिली है। खलील पहले भी भारतीय टीम की तरफ से 8 वनडे और 9 टी-20 मैच खेल चुके हैं। खलील ने कई बार अपनी धारदार बॉलिंग से सिलेक्टर्स का ध्यान खींचा है। खलील अहमद वर्ल्डकप के दौरान टीम इंडिया के रिजर्व गेंदबाज के रूप में शामिल थे। ऐसे में अब खलील को वेस्टइंडीज के खिलाफ इस दौरे में मौका मिलने की संभावनाएं प्रबल हो गई थीं।
आपस में चचेरे-मौसेरे भाई हैं
खलील के अलावा तेज गेंदबाज दीपक चाहर और लेग स्पिनर राहुल चाहर राजस्थान की ओर से रणजी खेलते हैं। हालांकि वे मूल रूप से उत्तरप्रदेश के हैं। दीपक व राहुल आपस में चचेरे भाई है। आईपीएल में दोनों खिलाड़ी शामिल थे। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम में दीपक चाहर ने शानदार प्रदर्शन किया था
This is syndicated feed from Siasat.com we have not made any changes to the content Source