नई दिल्ली: क्रिकेट इतिहास में अपने नाम की धूम मचाने वाले अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर राशिद खान ने चटगाँव में खेले जारहे दूसर टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचा दिया है।
बंगलादेश के खिलाफ अफगानिस्तान ने अपनी पहली पारी में 342 रन का स्कोर खड़ा किया. पहले दिन जहां रहमत शाह (102) ने शतकीय पारी खेलते हुए टीम को मजबूत आधार दिया, वहीं दूसरे दिन असगर अफगान ने 92 और अफसर जजाई ने 41 रन बनाए।

एक बार फिर राशिद खान हीरो बनकर सामने आए, जिन्होंने 61 गेंदों पर ही ताबड़तोड़ 51 रन की पारी खेल डाली. उनकी इस पारी की बदौलत टीम 342 के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही. बांग्लादेश के लिए तैजुल इस्लाम ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए. वहीं, शाकिब अल हसन और नईम हसन ने दो-दो विकेट लिए. जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने 8 विकेट खोकर 194 रन बना लिए हैं. अफगानिस्तान की टीम को अब भी 148 रन की बढ़त हासिल है।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी बांग्लादेश की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पहले ही ओवर में शादमान इस्लाम का विकेट गंवा दिया, जिन्हें यामीन अहमदजई ने आउट किया. सौम्य सरकार के रूप में मोहम्मद नबी ने टीम को दूसरी सफलता दिलाई. सौम्य ने 17 रन बनाए. इसके बाद बांग्लादेश के अगले चार बल्लेबाज अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान के स्पिन जाल में फंस गए।
राशिद ने सबसे पहले 33 रन बना चुके लिटन दास को बोल्ड आउट किया. इसके बाद उन्होंने विपक्षी टीम के कप्तान शाकिब अल हसन को एलबीडब्ल्यू कर पवेलियन की राह दिखाई. शाकिब 11 रन ही बना सके. अफगानिस्तान क्रिकेट का ये वंडर ब्वॉय यहीं नहीं रुका।
राशिद ने इसके बाद मुशफिकुर रहीम को इब्राहिम जादरान के हाथों कैच कराया, जबकि महमूदुल्लाह को बोल्ड कर मैदान के बाहर भेजा. मुशफिकुर खाता तक नहीं खोल सके, जबकि महमूदुल्लाह ने 7 रन बनाए. बांग्लादेश की ओर से मोमिनुल हक ने सबसे अधिक 52 रन बनाए. उन्हें मोहम्मद नबी ने असगर अफगान के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा।
This post appeared first on The Inquilaab http://theinquilaab.com/ POST LINK Source Syndicated Feed from The Inquilaab http://theinquilaab.com Original Link- Source