महाराष्ट्र के 176 नवनिर्वाचित विधायक आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं- ADR

महाराष्ट्र के 176 नवनिर्वाचित विधायक आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं- ADR

महाराष्ट्र विधानसभा के लिये नवनिर्वाचित 176 विधायक आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे हैं। चुनाव निगरानी संस्था ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स’ (एडीआर) द्वारा शनिवार को जारी आंकड़ों में यह दावा किया गया है।

इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, राज्य विधानसभा के कुल 288 विधायकों में 285 विधायकों के हलफनामों का विश्लेषण करने पर पाया गया कि 62 प्रतिशत (176 विधायक) के खिलाफ आपराधिक मामले लंबित हैं, जबकि 40 प्रतिशत (113 विधायक) के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले हैं।

एडीआर ने कहा है कि बाकी तीन विधायकों के हलफनामे का अध्ययन नहीं किया जा सका क्योंकि चुनाव आयोग की वेबसाइट पर उनके संपूर्ण कागजात उपलब्ध नहीं थे।

निवर्तमान विधायकों और नवनिर्वाचित विधायकों के हलफनामों की तुलना करते हुए एडीआर ने कहा है कि 2014 के चुनाव में राज्य विधानसभा में 165 विधायक आपराधिक मामलों का सामना कर रहे थे और इनमें से 115 गंभीर आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे थे।

एडीआर के मुताबिक निवर्तमान विधानसभा की तुलना में नयी विधानसभा में करोड़पति विधायकों की संख्या ज्यादा है। आंकड़ों के मुताबिक नयी विधानसभा में कुल 264 (93 प्रतिशत) करोड़पति विधायक हैं जबकि निवर्तमान विधानसभा में 253 (88 प्रतिशत) विधायक करोड़पति थे।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘नयी विधानसभा में विधायकों की औसत संपत्ति 22.42 करोड़ रुपये है, जो 2014 में 10.87 करोड़ रुपये थी। इस बार के चुनाव में कम से कम 118 विधायक फिर से चुने गए और 2019 में पुन: निर्वाचित विधायकों की औसत संपत्ति 25.86 करोड़ रुपये है।’’

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں