
हैदराबाद : तेलंगाना में मंत्रिमंडल विस्तार अब केसीआर सरकार की गले की फांस बनता जा रहा है। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के कई विधायक मंत्रिमंडल विस्तार से नाराज हैं और उनके पार्टी छोड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसी ही कुछ खबर बोधन विधायक शकील अहमद से जुड़ी हुई है।
दरअसल, बोधन विधायक शकील अहमद ने गुरुवार को भाजपा सांसद धर्मपुरी अरविंद से मुलाकात की। मुलाकात के बाद से ही उनके भाजपा में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर उन्होंने मीडिया में कोई बयान नहीं दिया है। बता दें इससे पहले भी कई विधायकों ने मंत्रिमंडल विस्तार पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
गौरतलब है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने रविवार को मंत्रिमंडल में छह नये मंत्रियों को शामिल कर 12 सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। केसीआर मंत्रिमंडल में शामिल छह नये मंत्रियों में उनके बेटे के टी रामा राव और भांजे टी हरीश राव शामिल हैं।
प्रदेश मंत्रिमंडल में दो महिलाओं को भी जगह दी गयी। इनमें पूर्व मंत्री सबिता इंद्र रेड्डी भी शामिल हैं। मंत्रिमंडल में तीन नए चेहरों को शामिल किया गया था। इनमें करीमनगर के विधायक गांगुला कमलाकर और खम्मम के विधायक पी अजय कुमार और वारंगल से विधान परिषद सदस्य सत्यवती राठौड़ शामिल हैं।
सबिता इंद्र रेड्डी को शिक्षा, कमलाकर को बीसी कल्याण, खाद्य और नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता विभाग दिया गया है। वहीं, अजय कुमार को यातायात विभाग और राठौड़ को अनुसूचित जाति, महिला एवं बाल कल्याण विभाग का प्रभार दिया गया है।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source