
सुपौल में कन्हैया कुमार के काफिले पर पथराव में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और छात्र नेता कन्हैया कुमार चोटिल हो गए। घटना सदर थाना के मल्लिक चौक पर बुधवार शाम की है। सुपौल में जनसभा को संबोधित करने के बाद पूर्व छात्र नेता काफिले के साथ सहरसा के लिए निकले थे। पथराव में दो वाहनों के शीशे टूट गए। वाहन में सवार एक युवती सहित तीन लोगों को चोट भी लगी है।
जेएनयू के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की बुधवार को किशनपुर प्रखंड के सिसौनी नेमनमा में सभा थी। शाम लगभग साढ़े पांच बजे सभा के बाद कन्हैया कुमार अपने काफिले के साथ सहरसा के लिए निकले। काफिले के आगे पीछे कड़ी सुरक्षा भी थी।
शहर के सदर थाना के पास मल्लिक चौक पर पहले से 25-30 की संख्या में खड़े युवक सीएए, एनआरसी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। जैसे ही कन्हैया कुमार का वाहन आया, पहले कुछ लोगों ने उस पर काली स्याही फेंक दी। काफिला में शामिल वाहनों के रूकते ही वहां जाम लग गया। पुलिस निकल कर वाहनों को निकालने लगी।

इस बीच पीछे से कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर से जन मन गण यात्रा का रथ और एक अन्य वाहन का शीशा टूट गया। एक चालक सहित तीन लोगों को चोटें आयी है। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता मांडवी भी शामिल है। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच सभी वाहनों को सुरक्षित निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही डीएम महेन्द्र कुमार, एसपी सुधीर कुमार पोरिका भारी संख्या में पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। हालांकि कन्हैया कुमार का काफिला जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल वहां माहौल शांत है। घटना को लेकर किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है।
This post appeared first on The Siasat.com