
महाराष्ट्र में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन सरकार बनाकर भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से दूर कर दिया। इसके बाद अब विपक्ष को उम्मीद की एक नई किरण दिखी है और एक बार फिर विपक्षी एकजुटता के पक्ष में बयानबाजी शुरू हो गई है।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम पर छपी खबर के अनुसार, राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने शनिवार को एक बेहद ही महत्वपूर्ण बयान देते हुए दोबारा उम्मीद जताई कि नीतीश कुमार एनडीए के खिलाफ गठबंधन में लौटेंगे।
आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव के करीबी माने जाने वाले बिहार के कद्दावर नेता रघुवंश केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी जमकर बरसे। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के अधीन देश की हालत खराब हो रही है।
इसके साथ ही उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था में सुस्ती के लिए नोटबंदी को जिम्मेदार बताया और बिहार को एक उदाहरण स्थापित करने की जरूरत पर जोर दिया। सिंह ने कहा, ‘बिहार, महाराष्ट्र का अनुकरण नहीं करेगा। यह पूरे देश के लिए एक उदाहरण पेश करेगा जैसा इसने हमेशा किया है।’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, ‘मुझे विश्वास है कि सभी पार्टी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए एक साथ आएंगी। और मुझे पूरा भरोसा है कि नीतीश कुमार वापस लौटेंगे।’
आपको बता दें कि 2015 में हुए बिहार विधानसभा चुनावों को नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल (युनाइटेड) और लालू यादव की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनता दल ने साथ मिलकर लड़ा था, और सरकार बनाई थी।
Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source