जो 370 के हिमायती हैं उन्हें चुनाव में जनता जूते मारेगी- जम्मू कश्मीर के राज्यपाल

जो 370 के हिमायती हैं उन्हें चुनाव में जनता जूते मारेगी- जम्मू कश्मीर के राज्यपाल

नई दिल्ली जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने बुधवार को कहा कि अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान हटाने के बाद राज्य में जनहानि रोकने के लिए प्रतिबंध जरूरी हैं। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा कि हमारा मुख्य फोकस जम्मू-कश्मीर की कानून व्यवस्था है, और इसमें हम सफल रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा, “हमारे लिए हरेक कश्मीरी की जान कीमती है, हम एक भी जान की हानि नहीं चाहते हैं, किसी भी नागरिक की जान नहीं गई है, कुछ लोग जो हिंसक होना चाह रहे थे वे घायल हुए है, और उन्हें भी कमर के नीचे चोट लगी है।” मलिक ने यह भी कहा कि चुनाव जनता ऐसे नेताओं को जूते मारेगी जो 370 के हिमायती हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की पहचान और संस्कृति सुरक्षित रहेगी। जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा गत पांच अगस्त को खत्म किए जाने के बाद मलिक ने अपने पहले प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए इंटरनेट एक आसान हथियार है तथा कनेक्शनों की बहाली कुछ और समय तक स्थगित रहेगी। उन्होंने स्वीकार किया कि कश्मीर घाटी में प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने पेलेट गन का इस्तेमाल किया। लोगों को चोट न पहुंचे, इसके लिए अत्यंत सावधानी बरती गई।

राज्यपाल ने संवाददाताओं से कहा कि अगले तीन महीनों में राज्य में 50 हजार नौकरियां उपलब्ध होंगी। जम्मू कश्मीर में यह सबसे बड़ा भर्ती अभियान होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र जम्मू कश्मीर पर जल्द ही कोई ‘बड़ी’ घोषणा करेगा। मलिक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राजनीतिक नेताओं की हिरासत को लेकर दुखी न हों, यह उनके राजनीतिक करियर में मदद करेगी।’‘

Syndicated Feed from hindi.siasat.com Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں