छत्तीसगढ़ का वीडियो, गुजरात के RM VM स्कूल के शिक्षक द्वारा लड़की की पिटाई के दावे से वायरल

सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति द्वारा बेरहमी से एक लड़की के बाल खींचने और मारने का वीडियो इस दावे से साझा किया जा रहा है कि यह व्यक्ति गुजरात के वलसाड में स्थित RM VM स्कूल का टीचर है और अपनी एक छात्रा को मार रहा है। वीडियो को इस संदेश के साथ साझा किया गया है –“आप के whatsapp पे जितने भी नंबर एवं ग्रुप हैं एक भी छूटने नही चाहिए, ये वीडियो सबको भेजिए ये वलसाड के RM VM SCHOOL का टीचर है इसको इतना शेयर करो की ये टीचर और स्कूल दोनों बंद हो जाए । वीडियो वायरल होने से काफी फ़र्क पड़ता है ओर कार्यवाही होती है जिसे दया न आये वो अपना मुंह (टाइपिंग) बंद रखे”। संवेदनशील दृश्यों के कारण हम इस वीडियो का समावेश लेख में नहीं कर रहे हैं।

उपरोक्त दावे से यह वीडियो फेसबुक पर भी प्रसारित किया गया है।

तथ्य जांच

गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने से, ऑल्ट न्यूज़ को 10 फरवरी, 2018 को दैनिक भास्कर द्वारा प्रकाशित किया गया एक लेख मिला, जिसमें इस वीडियो के बारे में खबर लिखा गया है। लेख के अनुसार यह घटना छत्तीसगढ़ के रायपुर की है। यह शख्स लड़की का ‘झाड़-फूंक’ कर रहा था और इस तरीके से पीट रहा था और यह पूरी घटना लड़की के परिवार की मौजूदगी में हुई थी।

11 फरवरी, 2018 को दैनिक भास्कर के एक अन्य लेख में बताया गया है कि यह घटना रायपुर के संतोषी नगर में हुई थी। वह आदमी जो “झाड़-फूंक” कर रहा है उसका नाम दीनेश साहू है। वह कबीरधाम जिले के चिपली गांव का रहनेवाला है। साहू भूत-प्रेत से पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए हिंसक तरीकों का इस्तेमाल करके लोगों के अंधविश्वासों का फायदा उठा रहा था। आखिरकार उसके गांव वाले उसकी इन हरकतों से तंग आ गए और वह संतोषी नगर से भाग गया। बच्ची को मारने का यह वीडियो के वायरल होने के बाद, पुलिस ने साहू को गिरफ्तार कर लिया। दैनिक भास्कर के मुताबिक, यह घटना उसे गिरफ्तार करने के चार महीनों पहले हुई थी।

इस खबर को हरिभूमि ने भी रिपोर्ट किया था, जिसके मुताबिक, साहू को एसडीओपी रितेश चौधरी और टीआई राजकुमार सोरी ने धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया था।

निष्कर्ष के तौर पर, वीडियो में दिख रहा आदमी, जो लड़की को प्रताड़ित कर रहा है, वह गुजरात के वलसाड स्थित किसी RM VM स्कूल का शिक्षक नहीं है बल्कि वह छत्तीसगढ़ का एक बाबा है जो “भूत भगाने” की कोशिश कर रहा था।

पहले भी ऐसी कई गलत सूचनाओं को साझा करके गुजरात की इस स्कूल को निशाना बनाया गया था। विभिन्न वीडियो जैसे कि बच्चों को मारने वाला सीरिया का एक वीडियो, मिस्र का एक वीडियो और एक अन्य दिल्ली के वीडियो को गुजरात में वलसाड के RM VM स्कूल में बच्चों को प्रताड़ित करने के दावे से साझा किया गया था। ऑनलाइन माध्यम से वलसाड की अन्य कई स्कूल के नाम से भी कई वीडियो वायरल किये गये थे।

The post छत्तीसगढ़ का वीडियो, गुजरात के RM VM स्कूल के शिक्षक द्वारा लड़की की पिटाई के दावे से वायरल appeared first on Alt News.

Syndicated Feed from Altnews/hindi Original Link- Source

اپنی رائے یہاں لکھیں

Discover more from ورق تازہ

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading