
संकट से जूझ रही कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उसने अपनी युवा इकाई से महाराष्ट्र, हरियाणा एवं झारखंड में 130 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार का मोर्चा संभालने को कहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जल्द ही इन सीटों पर ‘डोर टू डोर’ एवं सोशल मीडिया अभियान भी शुरू हो जाएगा। भारतीय युवा कांग्रेस इन तीनों राज्यों में ‘सुपर 130’ के लक्ष्य के साथ काम करने जा रही है।
इंडिया टीवी न्यूज़ डॉट कॉम के अनुसार, कांग्रेस ने महाराष्ट्र की 288 में से 60, हरियाणा की 90 में से 40 और झारखंड की 81 में से 30 सीटें चिन्हित की हैं। इनमें से ज्यादातर सीटों पर उसने अपने स्थानीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंप दी हैं।
सूत्रों के मुताबिक इन 130 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार अभियान की निगरानी भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू करेंगे। इन तीनों राज्यों में अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं और इन सभी राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं।
युवा कांग्रेस के नवनियुक्त अंतरिम अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने बताया, ‘हम महाराष्ट्र में सुपर 60, हरियाणा में सुपर 40 और झारखंड में सुपर 30 के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं। इस तरह से इन तीनों राज्यों में हमारा सुपर 130 का लक्ष्य है।
इन सीटों पर हम सबसे पहले मतदाता सूचियों में उन लोगों के नाम शामिल करा रहे हैं जिनके नाम किन्हीं कारणों से हटा दिए गए हैं। हम जल्द ही ‘डोर टू डोर’ और सोशल मीडिया अभियान शुरू करेंगे।’
सूत्रों के मुताबिक पिछले दिनों AICC के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने युवा कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की और उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर पूरी ताकत झोंकने को कहा।
Syndicated Feed from Siasat hindi – hindi.siasat.com Original Link- Source